विकसित भारत@2047 का संकल्प देश की महिलाओं के योगदान के बिना पूरा नहीं हो सकता: मंत्री आशीष सूद

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08 मार्च 2026): दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद ने आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित ज़ायडस पिंकाथॉन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ज़ायडस फाउंडेशन की वाइस चेयरपर्सन मेहा पटेल, फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन और अंकिता कोंवर भी उपस्थित थीं।

आज आयोजित दौड़ में 10,000 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य, फिटनेस तथा महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। महिलाएँ स्वस्थ महिला, सशक्त राष्ट्र जैसे उद्देश्य के साथ इस दौड़ में शामिल हुईं।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि वैसे तो हर दिन महिला दिवस है, लेकिन आज 8 मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इतनी सुबह इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होकर दौड़ में भाग लेते देखना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पिंकाथॉन केवल एक दौड़ नहीं बल्कि एक आंदोलन है, जो महिलाओं को अपनी शक्ति पर विश्वास करने, अपनी सीमाओं को चुनौती देने और स्वस्थ, सशक्त व आत्मविश्वासी जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों को स्वस्थ और फिट रहने का जो संदेश दिया है, यह महिला दौड़ उसी सन्देश को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए आज आयोजित की गई है। जिसमें महिलाओं की बेहद सक्रिय भागीदारी रही है। उन्होंने बताया कि इस पिंकाथॉन 2026 में 10,000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है और 100 किलोमीटर, 75 किलोमीटर तथा 50 किलोमीटर जैसी लंबी दूरी की दौड़ों में भाग लेने वाली महिलाओं को सम्मानित करना एक विशेष अनुभव है।

आशीष सूद ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ समाज, स्वस्थ राष्ट्र और स्वस्थ परिवार की जननी होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन यह याद दिलाते हैं कि जब महिलाएँ एकजुट होकर आगे बढ़ती हैं तो वे पूरे समाज को प्रेरित करने वाली एक मातृ शक्ति बन जाती हैं। विकसित भारत@2047 का संकल्प देश की महिलाओं के योगदान के बिना पूरा नहीं हो सकता।

मंत्री सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल महिलाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने इस प्रेरणादायक पहल के लिए मिलिंद सोमन और अंकिता कोंवर की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल देशभर की महिलाओं को फिटनेस अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।