होली के गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (06 March 2026): राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक बच्ची के हाथ से गिरा रंग भरा गुब्बारा एक महिला पर पड़ गया, जिसके बाद शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक झगड़े का रूप ले लिया। आरोप है कि महिला द्वारा अपशब्द कहे जाने के बाद दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच बहस हुई और मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में मृतक के पिता मेमराज और चाचा रमेश भी घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी निवासी तरुण बटोलिया (26) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने शाम के समय उत्तम नगर थाने के बाहर नारेबाजी की और रात में इलाके की गली में तोड़फोड़ भी की। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और एडिशनल डीसीपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
मृतक के पिता मेमराज ने बताया कि जिन लोगों पर हत्या का आरोप है, वे उनके पड़ोसी ही हैं और पहले से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। उन्होंने कहा कि होली के दौरान गुब्बारे का रंग उनकी पड़ोसन पर पड़ गया था, जिससे विवाद शुरू हुआ। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था क्योंकि घर में शादी का माहौल था और उन्होंने झगड़ा बढ़ाना ठीक नहीं समझा।

परिजनों के अनुसार, शाम को जब तरुण रंग खेलकर वापस घर लौट रहा था, तब आरोपियों ने उसे अकेला देखकर घेर लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि जब वह जमीन पर गिर गया तो उस पर पत्थरों से भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत जनकपुरी के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गुरुवार को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां का आरोप है कि गुब्बारे के रंग के छींटे पड़ने के बाद दूसरी तरफ से आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्द कहे गए थे। विरोध करने पर कई लोग इकट्ठा हो गए और उनके घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ भी की। परिवार ने उस समय मामला शांत कर दिया था, लेकिन बाद में उनके बेटे पर हमला कर दिया गया।

इस मामले में एडिशनल डीसीपी द्वारका निहारिका भट्ट ने बताया कि दो पड़ोसियों के बीच होली के गुब्बारे को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। इस झगड़े में घायल युवक की बाद में मौत हो गई। पुलिस ने एफआईआर में नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।