एक्सपायर्ड सामान को ‘ताजा’ बनाकर बेचने वाला रैकेट का क्राइम ब्रांच ने किया भंडाफोड़
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (28 February 2026): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एक्सपायर्ड खाद्य और कॉस्मेटिक उत्पादों को दोबारा पैक कर बाजार में बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गाजियाबाद निवासी ओमप्रकाश शर्मा (40) को गिरफ्तार किया है, जो एक्सपायर्ड सामान पर फर्जी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट प्रिंट कर उन्हें ‘ताजा’ स्टॉक के रूप में सप्लाई कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, यह संगठित तरीके से चलाया जा रहा अवैध कारोबार था।
मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने जगतपुर स्थित पुष्ता रोड, गली नंबर 9बी के एक गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी केमिकल के जरिए पैकेट पर दर्ज असली एक्सपायरी डेट और बैच नंबर मिटा देता था, फिर नई तारीखें प्रिंट कर दोबारा पैकिंग कर देता था। इसके बाद इन्हें थोक और खुदरा बाजार में सप्लाई किया जाता था।
गोदाम से कई नामी कंपनियों के उत्पाद जब्त किए गए, जिनमें नेस्ले के शुगर फ्री प्रोडक्ट, ग्लूकोन-डी, डाबर के गुलाबारी बॉडी लोशन, रोज वॉटर, लाल तेल और च्यवनप्राश, क्लीन एंड क्लियर फेस वॉश, विक्स वेपरब, ओडोमोस, ऑलिव ऑयल और सैवलॉन एंटीसेप्टिक जैसे उत्पाद शामिल हैं। बरामद स्टॉक की मात्रा से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था।
पुलिस ने मौके से प्रिंटिंग फ्रेम, लेबलिंग सामग्री, केमिकल और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल पैकेजिंग में हेरफेर के लिए किया जाता था। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक गोदाम तक सीमित मामला नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे सप्लाई चेन का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि एक्सपायर्ड स्टॉक कहां से एकत्र किया जा रहा था और किन-किन थोक विक्रेताओं व डिस्ट्रीब्यूटर्स की इसमें संलिप्तता है। साथ ही उन रिटेल दुकानों की पहचान भी की जा रही है, जहां ये उत्पाद बेचे जा रहे थे। पुलिस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे खरीदारी के समय उत्पाद की एक्सपायरी डेट और पैकेजिंग की सावधानीपूर्वक जांच करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।