बड़ी खबर: ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

International News (01 March 2026): अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए ताबड़तोड़ हवाई हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के साथ उनकी बेटी, दामाद और नाती की मौत की खबर ने पूरे देश को हिला दिया है। ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार हमले तेहरान सहित 30 से अधिक स्थानों पर किए गए। इन हमलों में कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों के मारे जाने की भी पुष्टि की गई है। देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है और हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, खामेनेई के शीर्ष राजनीतिक सलाहकार और रक्षा परिषद के सचिव अली शमखानी भी हमले में मारे गए। इसके अलावा ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर-इन-चीफ मोहम्मद पाकपुर की मौत की भी पुष्टि की गई है। इन मौतों से ईरान के राजनीतिक और सैन्य ढांचे को गहरा झटका लगा है।

हमलों के बाद IRGC ने कड़ा बयान जारी करते हुए इसे ‘महान नेता की शहादत’ बताया और बदला लेने की कसम खाई। बयान में कहा गया कि ईरान घरेलू और विदेशी साजिशों का डटकर मुकाबला करेगा। गार्ड्स ने समर्थकों से संयम बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता का आह्वान भी किया है। खामेनेई और उनके परिवार की मौत के बाद ईरान में मातम का माहौल है। उनके पैतृक शहर मशहद में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। Press TV की रिपोर्ट के अनुसार, इमाम रजा की दरगाह पर बड़ी संख्या में समर्थक इकट्ठा हुए, जहां लोगों को रोते और विलाप करते देखा गया। कई स्थानों पर शोक सभाएं आयोजित की गईं।

हालांकि, कुछ इलाकों विशेषकर तेहरान के कुछ हिस्सों से जश्न और आतिशबाजी की खबरें भी सामने आई हैं। हाल के महीनों में देश में हुए प्रदर्शनों और कार्रवाई को लेकर खामेनेई और सुरक्षा बलों की आलोचना होती रही थी। ऐसे में देश के भीतर भावनाएं बंटी हुई नजर आ रही हैं एक ओर गहरा शोक, तो दूसरी ओर असंतोष की झलक।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना की गूंज सुनाई दे रही है। शिया बहुल देश इराक में शोक की घोषणा की गई है। इराकी शिया नेता मुक्तदा अल-सद्र ने तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान करते हुए खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। मध्य पूर्व के कई देशों ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के मद्देनज़र अपने एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह सैन्य कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक उनके रणनीतिक उद्देश्य पूरे नहीं हो जाते। वहीं ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, 24 प्रांतों में हुए हमलों में कम से कम 201 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दक्षिणी ईरान के एक स्कूल पर हमले में 108 लोगों के मारे जाने की बात कही गई है।

ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल समेत कतर, यूएई, कुवैत, बहरीन, जॉर्डन, सऊदी अरब और इराक में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। लगातार जारी हमलों और जवाबी कार्रवाई के बीच मध्य पूर्व में व्यापक युद्ध की आशंका गहराती जा रही है, और पूरी दुनिया की निगाहें अब इस संकट के अगले कदम पर टिकी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।