दादरी अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश: अवैध प्रेम, घरेलू हिंसा और साजिश की परतें खुलीं

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (20/02/2026): ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे घरेलू कलह, लंबे समय से चले आ रहे अवैध संबंध और पूर्व नियोजित साजिश थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल भी हुआ।

16 फरवरी को दादरी क्षेत्र के कठैहरा रोड स्थित शिव वाटिका कॉलोनी के पास एक खाली प्लॉट में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए गए। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सोशल मीडिया इनपुट के सहारे मृतक की पहचान घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी गोविंद रावल उर्फ भूरा के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। 19 फरवरी की सुबह कोट नहर से चक्रसेनपुर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी के दौरान मुख्य आरोपी रोहित रावल और उसका साथी नफीस पकड़े गए। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में नफीस घायल हो गया। पूछताछ के बाद मृतक की पत्नी प्रीति देवी और एक अन्य सहयोगी धर्मेंद्र रावल को भी हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गोविंद रावल शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी दौरान प्रीति देवी के संबंध गांव के ही रोहित रावल से बन गए, जो करीब दो वर्षों से चले आ रहे थे। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर प्रीति और रोहित ने गोविंद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

आरोपियों के अनुसार, 12 फरवरी को गोविंद को बहाने से दादरी बुलाया गया। पहले साथ बैठकर शराब पिलाई गई, फिर नशे की हालत में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को पहले एक खाली प्लॉट में छिपाया गया और बाद में पहचान से बचने के लिए कठैहरा रोड पर फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका/चाकू, अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रोहित के खिलाफ पहले से करीब 10 और नफीस के खिलाफ 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एडीसीपी जोन-3 सुधीर कुमार ने बताया कि, तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के दम पर 24 घंटे के भीतर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली गई। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। यह कार्रवाई गौतमबुद्ध नगर पुलिस की सतर्कता और तेज़ कार्यशैली का उदाहरण मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।