रबूपुरा क्षेत्र में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने दोस्त पर लगाया आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/02/2026): ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ महीने से अधिक समय से इलाज करा रहे एक युवक की मंगलवार को अस्पताल में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने मृतक के दोस्त पर साजिशन हत्या करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की, जबकि पुलिस इस पूरे मामले को सड़क हादसा बता रही है।

मृतक की पहचान जेवर कोतवाली क्षेत्र के नगला जहानु गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई रवि कुमार के अनुसार, 18 दिसंबर की शाम मनोज का गांव के ही परिचित अजय कुमार उसे लाइसेंस बनवाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। परिजनों का कहना है कि इसके बाद मनोज घर नहीं लौटा।

करीब एक घंटे बाद अजय ने फोन कर सूचना दी कि रबूपुरा क्षेत्र के चकवीरमपुर गांव के पास मनोज का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मनोज को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया था कि उसके सिर में गंभीर चोट आई थी और खोपड़ी की हड्डी टूटने के कारण ऑपरेशन करना पड़ा था।

परिजनों का आरोप है कि मनोज और अजय के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते अजय ने मनोज को सुनसान इलाके में ले जाकर जान से मारने की नीयत से हमला किया और घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की। इस संबंध में परिजनों की ओर से रबूपुरा कोतवाली में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

लंबे इलाज के बाद मंगलवार को मनोज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते हुए शव को लेकर कोतवाली जाने का प्रयास किया। पुलिस को इसकी जानकारी होते ही परिजनों को तिरथली गांव के पास रोक लिया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच होती तो मनोज की जान बच सकती थी। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं लगाने की मांग की।

इस मामले में रबूपुरा कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि जांच में हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, मनोज को सड़क दुर्घटना में गंभीर चोटें आई थीं। उन्होंने बताया कि आरोपी अजय को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।