जनकपुरी हादसा: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (10 February 2026); पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के खुले गड्ढे में गिरकर जान गंवाने वाले 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत को लेकर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। डॉक्टरों के मुताबिक कमल की मौत ‘ट्रामेटिक एस्फिक्सिया’ के कारण हुई, यानी सीने पर दबाव पड़ने और सांस रुकने से उनकी जान गई। रिपोर्ट में फिलहाल इस मौत को दुर्घटनावश बताया गया है, हालांकि इसे प्राथमिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट माना जा रहा है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार हादसे के बाद कमल गड्ढे में पेट के बल गिर गए थे। गड्ढे की गीली मिट्टी से उनका मुंह और नाक ढक गए, जिससे ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक गई। इसी दौरान उनकी बाइक भी उनके ऊपर गिर गई, जिससे सीने पर भारी दबाव पड़ा और दम घुटने की स्थिति बन गई। डॉक्टरों का कहना है कि इन परिस्थितियों में कुछ ही समय में कमल की मौत हो गई।

रिपोर्ट में यह भी संभावना जताई गई है कि सीने पर पड़ा दबाव मोटरसाइकिल या किसी भारी वस्तु के गिरने से हुआ। इसके अलावा मृतक की दाहिनी जांघ और पैर पर मिले जलने के निशानों को लेकर भी अहम खुलासा किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार ये निशान पोस्टमॉर्टम बर्न हो सकते हैं, जो मौत के बाद लंबे समय तक बाइक के गर्म साइलेंसर के संपर्क में रहने से बने।

गौरतलब है कि यह हादसा बृहस्पतिवार देर रात उस वक्त हुआ, जब कमल ध्यानी अपनी बाइक से जोगेंदर सिंह मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिन में ही खोदे गए खुले गड्ढे के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह बाइक समेत गड्ढे में गिर गए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और मौत के सटीक समय व परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।