गौतमबुद्ध नगर में बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, एक क्लिक में जानें पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (09/02/2026): उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्ध नगर में जिला सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से आगामी 25 फरवरी 2026 को विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन, विश्वेश्वरैया कैंपस, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी में रोजगार महोत्सव 2026 (Employment Festival 2026) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि रोजगार मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार तहसील, विकासखंड, ग्राम पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक रोजगार महोत्सव की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी इस अवसर से वंचित न रह जाए। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, लीड बैंक प्रबंधक, कौशल विकास मिशन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं उद्यमी संगठनों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने माध्यम से युवाओं को रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें और स्थानीय स्तर पर भी प्रचार गतिविधियों को तेज करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने रोजगार महोत्सव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में अग्निशमन दल की उपलब्धता तथा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सेवायोजन विभाग को रोजगार मेले में हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन काउंटर तथा ऑनलाइन एवं क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वृहद रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां लगभग 2000 से अधिक रिक्त पदों के साथ प्रतिभाग करेंगी, जिसमें 5000 से अधिक अभ्यर्थियों की सहभागिता संभावित है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। आठवीं पास, दसवीं पास, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी ROJGARSANGAM.UP.GOV.IN पोर्टल अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए बायोडाटा, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं पंजीकरण पर्ची की प्रिंट अथवा डिजिटल प्रति लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, यह पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

उन्होंने बताया कि रोजगार महोत्सव 2026 में सैमसंग, योकामा, एक्सिस बैंक, एचसीएल, जी4एस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, वीवो, सैमसंग डिस्प्ले, रेडिसन ब्लू, यूफ्लेक्स, सैमसंग इंजीनियरिंग, टेक महिंद्रा, क्राउन प्लाजा, बीएलएस, केआरबीएल लिमिटेड, डेंसो, लावा, ओप्पो, न्यू हॉलैंड सहित लगभग 100 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने जनपद के युवाओं एवं आम जनों से अपील करते हुए कहा कि “रोजगार महोत्सव 2026 युवाओं को रोजगार से जोड़ने का एक सुनहरा अवसर है। जनपद के सभी पात्र अभ्यर्थी समय से पंजीकरण कर इस रोजगार मेले में अवश्य प्रतिभाग करें और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ाएं।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, लीड बैंक प्रबंधक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल विकास, सहित विश्वेश्वरैया कॉलेज से प्लेसमेंट हेड नितिन गोड़ उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।