‘मर्दानी 3’: एक ज्वलंत मुद्दे को ईमानदारी से उठाती रानी मुखर्जी की दमदार वापसी

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (31 जनवरी 2026): बॉक्स ऑफिस पर ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी की पिछली दोनों फिल्में न सिर्फ हिट रहीं, बल्कि क्रिटिक्स से भी इन्हें खूब सराहना मिली। इन्हीं सफलताओं ने यशराज बैनर और रानी मुखर्जी को इस सीरीज़ की तीसरी फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। ‘मर्दानी 3’ एक बार फिर साबित करती है कि मजबूत कंटेंट और सधी हुई कहानी के दम पर भी दर्शकों को बांधा जा सकता है, वह भी बिना अनावश्यक तामझाम के।

दिल्ली दौरे के दौरान रानी मुखर्जी ने खुद स्वीकार किया था कि उन्हें इस तरह के गंभीर और सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करना खास पसंद है। यही वजह है कि लंबे अंतराल के बाद वह फिर ‘मर्दानी’ की दुनिया में लौटीं। ऐसे दौर में जब तीन से साढ़े तीन घंटे की फिल्में रिकॉर्ड बिज़नेस कर रही हैं, वहीं करीब दो घंटे की यह फिल्म अपनी कसी हुई स्क्रिप्ट और तेज़ रफ्तार कहानी के चलते शुरुआत से अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है।

‘मर्दानी 3’ की कहानी पिछली दोनों फिल्मों से अलग और नएपन से भरपूर है। यह फिल्म छोटी बच्चियों के साथ हो रहे अपराध, उनकी सुरक्षा और साथ ही पुलिस की एक साफ-सुथरी, बेदाग छवि को सामने रखती है। आमतौर पर हिंदी फिल्मों में पुलिस को नकारात्मक रूप में दिखाया जाता है, लेकिन यहां निर्देशक ने इस सोच से हटकर ईमानदार कोशिश की है। फिल्म की शुरुआत से ही माहौल गंभीर रखा गया है, जो ऐसे संवेदनशील विषय के लिए पूरी तरह जरूरी भी है।

कहानी (स्टोरी प्लॉट)

फिल्म की कहानी एनआईए की अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय (रानी मुखर्जी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें एक हाई-प्रोफाइल किडनैपिंग केस सौंपा जाता है। एक बड़े अधिकारी की बेटी और उसके घर में काम करने वाली नौकरानी की बेटी अचानक गायब हो जाती हैं। जांच के दौरान शिवानी को पता चलता है कि यह मामला सिर्फ दो बच्चियों तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग इलाकों से 8 से 13 साल की उम्र की 90 से ज्यादा लड़कियां लापता हैं। जांच आगे बढ़ने पर एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश होता है। लगातार होते खुलासे कहानी को ऐसे मोड़ पर ले जाते हैं, जिसकी कल्पना दर्शक पहले से नहीं कर पाते। इंटरवल के बाद फिल्म की रफ्तार इतनी तेज हो जाती है कि अगर एक पल के लिए भी ध्यान भटका, तो बहुत कुछ मिस हो सकता है।

अभिनय (एक्टिंग)

पिछली फिल्मों की तरह इस बार भी कहानी का केंद्र रानी मुखर्जी ही हैं, लेकिन इस बार उनका किरदार और ज्यादा व्यापक और गहराई लिए हुए है। भूमिका की तैयारी के लिए रानी ने शूटिंग से पहले करीब 20 दिन की वर्कशॉप की, जो स्क्रीन पर साफ नजर आती है। उनके फेस एक्सप्रेशन, केस की जांच का तनाव, गुस्सा और अंदर छिपी मानवीय संवेदनाएं—सब कुछ बेहद प्रभावशाली है। एक पुलिस अधिकारी की थकान और संवेदनशीलता को रानी ने बेहद सधे हुए अंदाज़ में पेश किया है।

फिल्म में मल्लिका प्रसाद ने विलेन ‘अम्मा’ के किरदार में जान फूंक दी है। उनकी मौजूदगी इतनी प्रभावशाली है कि रानी और मल्लिका के बीच के दृश्य फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बन जाते हैं। ‘शैतान’ और ‘वश’ जैसी फिल्मों के बाद जानकी बोड़ीवाला भी अहम भूमिका में नजर आती हैं और शिवानी की टीम के सदस्य के रूप में पूरी तरह फिट बैठती हैं। अन्य सहायक कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों के साथ न्याय किया है।

निर्देशन और तकनीकी पक्ष

निर्देशक अभिराज मीनावाला की कहानी पर पकड़ मजबूत है। उन्होंने फिल्म को भटकने नहीं दिया और इसकी रफ्तार को संतुलित रखा है। इंटरवल से पहले फिल्म थोड़ी धीमी जरूर लगती है, लेकिन क्लाइमेक्स दर्शकों को चौंकाने में पूरी तरह कामयाब रहता है।

क्यों देखें ‘मर्दानी 3’

अगर आप रानी मुखर्जी के फैन हैं और सच्चाई से रूबरू कराने वाली, सामाजिक मुद्दों पर बनी गंभीर फिल्में पसंद करते हैं, तो ‘मर्दानी 3’ आपके लिए जरूर देखने लायक है।

कलाकार: रानी मुखर्जी, जानकी बोड़ीवाला, मल्लिका प्रसाद आदि
निर्माता: आदित्य चोपड़ा
निर्देशक: अभिराज मीनावाला
सेंसर सर्टिफिकेट: यू/ए
अवधि: 126 मिनट


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।