Maharashtra News (28 January 2026): महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे के पास बुधवार, 28 जनवरी की सुबह एक दर्दनाक विमान दुर्घटना हुई। इस हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत कुल पाँच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान एक प्राइवेट लियरजेट-45 था, जिसे वीएसआर एविएशन द्वारा संचालित किया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विमान सुबह करीब 8 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और बारामती एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लैंडिंग से पहले विमान अस्थिर हो गया। रिपोर्टों के अनुसार सुबह 8:45 बजे विमान का रडार से संपर्क टूट गया, जिसके कुछ ही मिनट बाद लगभग 8:50 बजे यह विमान एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अलावा दो अनुभवी पायलटों की भी मौत हो गई। विमान के पायलट-इन-कमांड कैप्टन सुमित कपूर (Caption Sumit Kapoor) थे, जिनके पास 16,000 से अधिक उड़ान घंटे का अनुभव बताया जा रहा है। उनके साथ को-पायलट शांभवी पाठक (Shambhavi Pathak) थीं, जो एक प्रशिक्षित कॉमर्शियल पायलट और फ्लाइट इंस्ट्रक्टर रह चुकी थीं। शांभवी पाठक ने एयरफोर्स बाल भारती स्कूल से शिक्षा प्राप्त की थी और मुंबई विश्वविद्यालय से एरोनॉटिक्स एवं एविएशन में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने न्यूजीलैंड में पायलट ट्रेनिंग ली थी और मध्य प्रदेश फ्लाइंग क्लब में असिस्टेंट फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर के रूप में भी कार्य किया था।
दुर्घटना के समय अजित पवार आगामी जिला परिषद चुनावों से जुड़े राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए बारामती जा रहे थे, जो लंबे समय से उनकी कर्मभूमि और राजनीतिक क्षेत्र रहा है। उनके निधन से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक दलों के नेताओं और आम नागरिकों ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौसम, विजिबिलिटी और लैंडिंग कंडीशंस को प्रमुख कारणों के रूप में देखा जा रहा है। वीएसआर एविएशन की ओर से कहा गया है कि विमान तकनीकी रूप से उड़ान से पहले पूरी तरह सुरक्षित था और दोनों पायलट अत्यंत अनुभवी थे।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राज्य भर में राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। यह विमान दुर्घटना हाल के वर्षों में महाराष्ट्र की सबसे भीषण विमानन त्रासदियों में से एक मानी जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।