दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र: किन अहम बिलों पर चर्चा हुई, क्या बड़े फैसले लिए गए?

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (12 जनवरी 2026): दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस वर्ष कई ऐतिहासिक उपलब्धियों और रिकॉर्ड के साथ संपन्न हुआ। यह सत्र पहले 5 जनवरी से 8 जनवरी तक निर्धारित था, लेकिन सदन की कार्यवाही, एजेंडा और विधायी कार्यों को देखते हुए इसे एक दिन के लिए बढ़ाकर 9 जनवरी तक संचालित किया गया। इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में विस्तृत जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि पूरे शीतकालीन सत्र के दौरान सदन कुल 12 घंटे 39 मिनट तक चला, जिसमें कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, महत्वपूर्ण बिल पास किए गए और प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। खास तौर पर 9 जनवरी को सदन की कार्यवाही दिन के 11:00 बजे से रात 9:15 बजे तक चली, जो दिल्ली विधानसभा के इतिहास में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि शीतकालीन सत्र के दौरान उपराज्यपाल के अभिभाषण प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसमें 13 सदस्यों ने भाग लिया और इसके बाद यह प्रस्ताव सदन से पारित किया गया। इसके साथ ही एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया। अब तक दिल्ली विधानसभा में सत्र की शुरुआत से पहले ‘वंदे मातरम’ के केवल दो पद गाए जाते थे, लेकिन अब निर्णय लिया गया है कि सदन के प्रारंभ में पूरा ‘वंदे मातरम’ गीत गाया जाएगा। इस फैसले के साथ दिल्ली विधानसभा संभवतः देश की पहली विधानसभा बन गई है जहां पूर्ण ‘वंदे मातरम’ का गायन सत्र की शुरुआत में होगा।

विजेंद्र गुप्ता ने यह भी बताया कि दिल्ली विधानसभा देश की पहली 100 प्रतिशत डिजिटल संचालित विधानसभा बन चुकी है। शीतकालीन सत्र के दौरान किसी भी कार्यवाही में कागज का उपयोग नहीं किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था के कारण करीब 3 लाख 38 हजार पेज की बचत हुई, जिससे लगभग 40 पेड़ों को कटने से बचाया जा सका। इसके साथ ही लागत के स्तर पर भी बड़ा लाभ हुआ और शीतकालीन सत्र के दौरान लगभग 1 लाख 69 हजार रुपये की बचत दर्ज की गई।

इन आंकड़ों और फैसलों को प्रस्तुत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने इसे दिल्ली विधानसभा की एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह सत्र न केवल विधायी दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल प्रशासन की दिशा में भी एक मिसाल बन गया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।