नोएडा: सेक्टर 50 में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, एक घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (13 जनवरी 2025): नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। यह घटना सेक्टर 50 के केंद्रीय विहार गोलचक्कर के पास हुई, जहां पुलिस चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार बदमाश को रोकने का प्रयास कर रही थी। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

नोएडा जोन के एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस टीम सेक्टर 50 के केंद्रीय विहार गोलचक्कर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। युवक ने रुकने के बजाय बाइक को तेजी से पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद भी वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की।

भागते समय, संदिग्ध बदमाश ने खुद को घिरा पाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तुरंत गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय पुत्र सरजू निवासी ग्राम कोतिला, थाना अख्तियारी, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी की एक प्लेट, चम्मच, कटोरी, गिलास (सफेद धातु के), 3000 रुपये नकद, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने कुछ दिन पहले सेक्टर 47 के जलवायु विहार टॉवर में एक घर में घुसकर कीमती सामान और नकदी चोरी की थी। उसने बताया कि बरामद बाइक को उसने कुछ दिन पहले सलारपुर क्षेत्र से चुराया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घायल बदमाश का अस्पताल में इलाज जारी है, और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।