पंच परिवर्तन और सात सेवा सूत्रों से राष्ट्र कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा: डॉ. तरुण शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष, भारत विकास परिषद

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28/12/2025): भारत विकास परिषद के उत्तर मध्य क्षेत्र द्वारा आयोजित “मंथन : नवनिर्माण” क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन–2025 का दो दिवसीय आयोजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रांत के आतिथ्य में महाराजा अग्रसेन भवन, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में रोहेलखंड पूर्व एवं पश्चिम, उत्तराखंड पूर्व एवं पश्चिम, हस्तिनापुर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बृज प्रांत तथा ब्रज उत्तर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

सम्मेलन के दौरान भारत विकास परिषद के उत्तर मध्य क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में कहा कि, यह क्षेत्रीय अधिवेशन प्रत्येक दो वर्ष में एक बार आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य क्षेत्र के अंतर्गत आठ प्रांत आते हैं और इन सभी प्रांतों के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं सदस्य इस अधिवेशन में एक मंच पर एकत्रित होकर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हैं।

डॉ. तरुण शर्मा ने कहा कि सम्मेलन के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आदर्श कुमार गोयल तथा प्रख्यात समाजसेविका एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी का प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिली।

उन्होंने आगे बताया कि उद्घाटन सत्र के बाद सभी आठ प्रांतों द्वारा संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रत्येक प्रांत ने अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिनमें किए गए कार्यों, उपलब्धियों और चुनौतियों का उल्लेख किया गया। जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता थी, उन पर खुलकर विचार-विमर्श किया गया, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रांतों और कार्यकर्ताओं की सराहना भी की गई।

डॉ. तरुणा शर्मा ने कहा कि सम्मेलन के दौरान परिषद के सात प्रमुख सेवा विषयों—संगठन, वित्त, पर्यावरण, संस्कार, संपर्क, सेवा एवं महिला सहभागिता—पर पृथक-पृथक मंथन सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में संबंधित विषयों पर गहन चर्चा हुई और भविष्य में इन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से विस्तार देने के लिए ठोस सुझाव सामने आए।

उन्होंने बताया कि रात्रि सत्र में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, वहीं दूसरे दिन प्रातः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में समाज के लिए दिए गए ‘पंच परिवर्तन’ के संदेश पर विशेष चर्चा हुई। इसी के साथ सम्मेलन का समापन सत्र आयोजित किया गया। डॉ. तरुण शर्मा ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इस दो दिवसीय सम्मेलन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, संगठन के प्रति नई समझ और कई उपयोगी सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव भविष्य में परिषद की गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निश्चित रूप से देखने को मिलेगा।

दो दिवसीय यह क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन संगठनात्मक आत्ममंथन, नवचिंतन और भावी दिशा निर्धारण की दृष्टि से अत्यंत सार्थक सिद्ध हुआ। आयोजन को संपन्न कराने में वित्त सचिव प्रवेश चंद गुप्ता, प्रांतीय मार्गदर्शक पंकज सक्सेना, कार्यक्रम समन्वयक राजेश पालीवाल सहित सतीश गोयल, लोकेश शर्मा, नीरज गर्ग, राजीव कुमार, विनीत आर्य, तरुणा शर्मा, राकेश मित्तल, हेमंत बाजपेई सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सम्मेलन के माध्यम से भारत विकास परिषद ने अपने सेवा, संस्कार और संगठनात्मक उद्देश्यों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं के उत्साह, सहभागिता और नेतृत्व के मार्गदर्शन से यह आयोजन परिषद के नवनिर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।