दिल्ली की जहरीली हवा को लेकर कांग्रेस का हमला, BJP-AAP दोनों को ठहराया जिम्मेदार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (24 December 2025): दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि राजधानी के तीन करोड़ से ज्यादा लोगों की सेहत से जुड़ा यह गंभीर मुद्दा राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की भेंट चढ़ गया है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को समान रूप से जिम्मेदार ठहराया।
देवेंद्र यादव ने उपराज्यपाल द्वारा अरविंद केजरीवाल को लिखे गए पत्र का हवाला देते हुए कहा कि इससे सरकारों की संवेदनहीनता उजागर होती है। उनका आरोप है कि भाजपा की “चार इंजन की सरकार” भी दिल्ली को जानलेवा प्रदूषण से राहत दिलाने में पूरी तरह विफल रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल भी अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकते।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके 11 साल के शासनकाल में प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर सिर्फ दिखावा हुआ। देवेंद्र यादव के मुताबिक, खुद केजरीवाल का यह कहना कि प्रदूषण हर साल 15-20 दिन का मुद्दा होता है, उनकी सोच और गंभीरता को उजागर करता है। राजधानी की हवा हर साल खराब होती रही, लेकिन ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिल्ली को साफ हवा की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आम आदमी पार्टी सरकार का पूरा फोकस शराब नीति पर रहा। देवेंद्र यादव ने कहा कि इसी नीति में भारी भ्रष्टाचार हुआ और जनता की सेहत से जुड़े मुद्दे को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उपराज्यपाल का पत्र दरअसल भाजपा सरकार की नाकामी को छिपाने का प्रयास है। पिछले कई महीनों से सत्ता में होने के बावजूद भाजपा सरकार भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने में असफल रही है और केवल खोखले वादों व दिखावटी उपायों तक सीमित है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि प्रदूषण खतरनाक स्तर पार कर रहा है और डॉक्टर तक लोगों को दिल्ली छोड़ने की सलाह दे रहे हैं। इसके बावजूद भाजपा और आम आदमी पार्टी समाधान निकालने के बजाय राजनीतिक नूरा-कुश्ती में उलझी हुई हैं, जिससे आम जनता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ कहा कि दिल्ली की जहरीली हवा, दूषित पानी, गंदी यमुना, बदहाल सड़कें और कमजोर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों बराबर की दोषी हैं। उन्होंने मांग की कि सरकारें राजनीति से ऊपर उठकर सर्वदलीय बैठक बुलाएं और मिलकर समाधान निकालें, वरना आने वाले समय में प्रदूषण की स्थिति और भयावह हो सकती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।