टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (14 दिसम्बर, 2025): भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सातवीं बार लोकसभा सांसद पंकज चौधरी के खिलाफ अध्यक्ष पद के लिए कोई अन्य नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जिसके बाद केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल ने उन्हें पार्टी का 17वां प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के साथ ही उत्तर प्रदेश से बीजेपी के राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का भी चुनाव संपन्न हुआ। इस क्रम में वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय परिषद का सदस्य निर्वाचित किया गया।
पंकज चौधरी के निर्वाचन की घोषणा केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, प्रदेश चुनाव अधिकारी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की मौजूदगी में की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।