दिल्ली चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, प्रियंका अग्रवाल ने थामा AAP का दामन!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (11 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कस्तूरबा नगर के कोटला मुबारकपुर वार्ड से दिल्ली महिला कांग्रेस की नेता प्रियंका अग्रवाल ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी का पटका और टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर केजरीवाल ने प्रियंका अग्रवाल को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया।
AAP ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रियंका अग्रवाल के पार्टी में शामिल होने की जानकारी साझा की। “दिल्ली महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रियंका अग्रवाल ने आज आम आदमी पार्टी के जनहितकारी कार्यों और नीतियों से प्रभावित होकर अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।”
केजरीवाल का बयान
इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ दिल्ली का चुनाव लड़ रही है। प्रियंका अग्रवाल का हमारी पार्टी में स्वागत है। उनके आने से न केवल कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे दिल्ली में AAP को मजबूती मिलेगी।” उन्होंने यह भी बताया कि AAP अपने पिछले दोनों कार्यकालों में 70 में से 67 और 62 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और इस बार भी हैट्रिक बनाने की तैयारी में है।
चुनाव की तारीखों का ऐलान
दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी 2025 को एक ही चरण में संपन्न होगा, मतगणना 8 फरवरी को होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है, जबकि नामांकन की जांच 18 जनवरी को होगी। उम्मीदवार 20 जनवरी तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं।
AAP का चुनावी उत्साह चरम पर
आम आदमी पार्टी इस बार भी दिल्ली चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों को चुनाव प्रचार का मुख्य आधार बनाया गया है। प्रियंका अग्रवाल का AAP में शामिल होना पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
प्रियंका अग्रवाल ने कहा
प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों और कार्यशैली ने उन्हें प्रभावित किया है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि वह पार्टी के विजन को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी।
आगामी चुनावों के मद्देनजर प्रियंका अग्रवाल के AAP में शामिल होने को एक बड़ा राजनीतिक बदलाव माना जा रहा है, जो दिल्ली की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकता है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।