धनौरी वेटलैंड में बनेगा YEIDA का बायोडायवर्सिटी पार्क; एयरपोर्ट सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (06/12/2025): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने धनौरी वेटलैंड के भविष्य को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नजदीक स्थित इस पारिस्थितिक क्षेत्र को अब बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 112 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली इस परियोजना को प्राधिकरण ने मास्टर प्लान में शामिल कर दिया है, ताकि वेटलैंड की प्राकृतिक संरचना पर किसी भी अवैध गतिविधि या अनियोजित विकास का प्रभाव न पड़े।

धनौरी वेटलैंड हर साल हजारों प्रवासी और स्थानीय पक्षियों का ठिकाना बनती है। अधिकारियों के अनुसार, करीब 20,000 जलपक्षियों की वार्षिक मौजूदगी और सारस क्रेन की बायोजियोग्राफिक आबादी के 1% से अधिक हिस्से का यहां पाया जाना इसकी पर्यावरणीय अहमियत को दर्शाता है।

लेकिन यही बड़ी संख्या विमान सुरक्षा के लिए जोखिम भी पैदा कर सकती है, क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वेटलैंड के बेहद नजदीक है। इसी वजह से सरकार ने यहां रामसर साइट का दर्जा आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया और YEIDA ने विकल्प के रूप में बायोडायवर्सिटी पार्क मॉडल अपनाया।

भूमि व्यवस्था: 25 हेक्टेयर पहले से उपलब्ध, अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण आगे, प्राधिकरण के अनुसार—25 हेक्टेयर जमीन YEIDA के पास पूर्व से ही है। 12 हेक्टेयर ग्रामसभा भूमि वापस ली जाएगी। लगभग 30 हेक्टेयर के अधिग्रहण की तैयारी चल रही है। 45.6 हेक्टेयर दलदली क्षेत्र को पूरी तरह संरक्षित किया जाएगा, जहां किसी भी प्रकार का निर्माण प्रतिबंधित रहेगा। यह सुनिश्चित किया गया है कि वेटलैंड की मूल संरचना और जैव विविधता अप्रभावित रहे, जबकि आसपास के क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा सके।

केंद्र सरकार ने जून 2019 में उत्तर प्रदेश से धनौरी का नाम रामसर साइट के लिए प्रस्तावित किया था, लेकिन राज्य ने इस प्रस्ताव को आगे न बढ़ाते हुए इसे वहीं रोक दिया। पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, रामसर टैग मिलने पर वेटलैंड में हस्तक्षेप लगभग असंभव हो जाता, जबकि एयरपोर्ट की सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए कुछ लचीले प्रावधान जरूरी थे।

नई योजना के तहत क्षेत्र को लोगों के लिए एक नियंत्रित, पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा।

प्रस्तावित सुविधाएं—

•व्यूइंग प्वाइंट्स और वॉकवे
•प्रकृति-आधारित शैक्षणिक जोन
•सीमित संख्या में खाद्य और मनोरंजन कियोस्क
•पक्षी अवलोकन के लिए नियंत्रित प्रवेश क्षेत्र, इन कियोस्क और अन्य अनुमत गतिविधियों से होने वाली आय निर्माण और रखरखाव की लागत को संतुलित करेगी।

YEIDA जल्द ही एक विशेषज्ञ सलाहकार कंपनी का चयन करने के लिए निविदा (RFP) जारी करेगा। यही कंपनी पूरे क्षेत्र का मास्टर डिजाइन तैयार करेगी, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन गतिविधियां, जल निकासी, हरित क्षेत्र और सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्राधिकरण का मानना है कि बायोडायवर्सिटी पार्क मॉडल धनौरी वेटलैंड की विशिष्ट प्राकृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखते हुए हवाईअड्डे और आसपास के तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों की जरूरतों के बीच संतुलन स्थापित करेगा। YEIDA ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित वेटलैंड क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण, भूमि-समतलीकरण या अवसंरचना विस्तार बिल्कुल प्रतिबंधित रहेगा, ताकि पक्षियों और वेटलैंड के जीव-जंतुओं का मूल निवास सुरक्षित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।