रक्षा मंत्री ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर भारत की कड़ी जवाब देने की क्षमता का प्रमाण

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (02 December 2025): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर यह साबित करता है कि भारत शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझने वालों को करारा जवाब देना जानता है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई की तुलना देश की एकता के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल की मजबूत इच्छाशक्ति से की। वडोदरा में 2 दिसंबर को आयोजित सरदार सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि पटेल संवाद में विश्वास रखते थे, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर साहसिक निर्णय लेने से कभी नहीं हिचकिचाए, जैसा कि हैदराबाद के भारत में विलय के दौरान देखा गया था। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा (एमवाई) भारत द्वारा पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एकता मार्च का हिस्सा था।

रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने में सशस्त्र बलों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि आज विश्व भारतीय सैनिकों की वीरता और क्षमताओं को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कहा, “भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है। हम किसी को उकसाते नहीं, लेकिन यदि कोई उकसाए तो उसे बख्शते भी नहीं।”

अपने संबोधन में उन्होंने सरदार पटेल को भारत की एकता का वास्तविक निर्माता बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का उनका सपना और मजबूत हुआ है। अनुच्छेद 370 के निरसन का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय ने जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह से देश की मुख्यधारा से जोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया से अपनी शर्तों पर संवाद कर रहा है और उसकी बात अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अधिक गंभीरता से सुनी जाती है। “भारत एक बड़ी आर्थिक और सामरिक शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह सरदार पटेल के दूरदर्शी योगदान का ही परिणाम है,” रक्षा मंत्री ने कहा।

आर्थिक प्रगति पर बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और आज चौथी सबसे बड़ी बन चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में भारत शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो। उन्होंने बताया कि केंद्र ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और सांस्कृतिक, सामाजिक, आध्यात्मिक तथा आर्थिक एकता के सूत्र में देश को जोड़ रही है। “हमारा लक्ष्य 2047 तक एक विकसित भारत का निर्माण करना है,” उन्होंने कहा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार सरदार पटेल के राष्ट्रीय सुरक्षा दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रही है, जिसमें रक्षा आधुनिकीकरण और स्वदेशी उत्पादन को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि मेक इन इंडिया पहल के कारण भारत रक्षा निर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है और मित्र देशों को सैन्य उपकरण निर्यात कर रहा है। “पिछले 11 वर्षों में भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़ा है। हमारा लक्ष्य 2029 तक 3 लाख करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन और 50,000 करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात को हासिल करना है।”

उन्होंने बताया कि सरकार संसद में संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025 को पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जो उच्च पदों पर बैठे लोगों के लिए भ्रष्टाचार के खिलाफ नैतिक आचरण सुनिश्चित करेगा। इसमें प्रावधान है कि यदि किसी उच्च पद पर आसीन व्यक्ति को गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया जाता है और 30 दिनों में जमानत नहीं मिलती, तो वे स्वतः अपने पद से मुक्त हो जाएंगे।

युवाओं को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने उन्हें देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है। “हमें संकल्प लेना होगा कि हम सरदार पटेल के मूल्यों को आत्मसात करेंगे और आने वाली पीढ़ियों को भी इसके लिए तैयार करेंगे। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।