दिल्ली में अंतिम संस्कार के नियमों में हुआ बदलाव, MCD की पर्यावरण अनुकूल पहल शुरू

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 November 2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) राजधानी में दाह-संस्कार प्रक्रिया को अधिक पर्यावरण-अनुकूल और पारंपरिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि जल्द ही शहर के क्रीमेशन ग्राउंड में दाह-संस्कार के लिए लकड़ी की जगह गोबर के उपलों का उपयोग किया जाएगा। उनका कहना है कि यह शुरुआत भारतीय परंपरा को आधुनिक व्यवस्था से जोड़ते हुए की जा रही है, जिससे प्रदूषण कम होगा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी होगा।

सत्या शर्मा ने बताया कि दिल्ली जैसे महानगर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दाह-संस्कार होते हैं, जिनमें भारी मात्रा में लकड़ी की खपत होती है। इससे न सिर्फ पर्यावरण पर बोझ बढ़ता है, बल्कि कार्बन फुटप्रिंट भी तेजी से बढ़ता है। गोबर के उपलों से दाह-संस्कार करने से न सिर्फ प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि लागत भी कम पड़ेगी। यह व्यवस्था पूरी तरह स्वच्छ, किफायती और टिकाऊ होगी, जिसे भविष्य में बड़े पैमाने पर लागू किया जाएगा।

निगम की योजना के अनुसार राजधानी की प्रमुख गौशालाओं में उपला निर्माण मशीनें लगाई जाएंगी। इन मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर उपले तैयार होंगे, जिन्हें बाद में उन एनजीओ और संस्थाओं को उपलब्ध कराया जाएगा जो क्रीमेशन ग्राउंड चलाते हैं। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में उन्हीं एनजीओ को नवीनीकरण और विस्तार दिया जाएगा जो उपला-आधारित दाह-संस्कार प्रणाली अपनाने के लिए तैयार होंगे।

इस पहल के जरिए दिल्ली में गोबर के बेतरतीब निपटान की समस्या का समाधान भी किया जाएगा। शहर की कई डेयरियों में भारी मात्रा में गोबर जमा रहता है, जिसका सही उपयोग नहीं हो पाता। उपलों के निर्माण से डेयरियों में जमा गोबर का उत्पादक और पर्यावरण-अनुकूल उपयोग संभव होगा। निगम इसका पालन सुनिश्चित करने के लिए डेयरियों को मशीनें लगाने के निर्देश देने जा रहा है और नियमों का पालन न करने पर पशु चिकित्सा विभाग को कार्रवाई करने के आदेश दिए जाएंगे।

MCD का कहना है कि पहले चरण में चार गौशालाओं और चार क्रीमेशन ग्राउंड में इस परियोजना को पायलट आधार पर शुरू किया जाएगा। इसके सफल होने के बाद इसे पूरे दिल्ली में लागू किया जाएगा। यह योजना न केवल राजधानी के लिए महत्वपूर्ण पर्यावरणीय सुधार साबित होगी, बल्कि किफायती और स्वच्छ दाह-संस्कार की दिशा में एक मिसाल बनेगी। उम्मीद है कि यह मॉडल भविष्य में पूरे देश के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।