नोएडा में फोनरवा की वार्षिक आमसभा, महत्वपूर्ण निर्णयों के साथ चुनाव की तारीख घोषित

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (24 November 2025): नोएडा रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) की वार्षिक आमसभा 23 नवंबर 2025 को सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें कुल 147 सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए की और आश्वासन दिया कि फोनरवा आरडब्ल्यूए व नोएडा निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः वचनबद्ध है।

महासचिव के.के. जैन ने वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी समिति 7 जनवरी 2024 को दो वर्ष के लिए निर्वाचित हुई थी और इस दौरान निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। समिति के प्रयासों से प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण, पुलिस, यूपीपीसीएल और अन्य विभागों के सहयोग से कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे हुए।

उन्होंने बताया कि पानी की गुणवत्ता और मात्रा में सुधार हुआ है। आठ रेनिवेल चालू कर दिए गए हैं, जबकि दो की मरम्मत चल रही है। सभी ट्यूबवेल सक्रिय किए जा रहे हैं। किफायती फ्लैटों में अवैध निर्माणों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू होने का आश्वासन मिला है। म्यूटेशन और लोन मामलों में धारा 10 हटाए जाने से निवासियों को बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा सेक्टरों में विकास और रखरखाव कार्यों की जानकारी अब आरडब्ल्यूए बोर्डों पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जा रही है।

शहर में पुरानी सीवर लाइनों की सफाई और बदलाव का कार्य शुरू हो चुका है तथा लगभग 100 आरडब्ल्यूए में सफाई अभियान चलाया गया। वृक्षों की प्रूनिंग के लिए 10 नई मशीनें खरीदी जा रही हैं। 100 से अधिक आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं और लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। अवैध वेंडरों पर विशेष हटाओ अभियान भी चल रहा है।

बिजली व्यवस्था में बड़े सुधार

यूपीपीसीएल द्वारा 2023–24 में 625 और 2024–25 में 532 प्रोजेक्ट पूरे किए गए। चालू वित्त वर्ष के 89% कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष 30 नवंबर तक पूरे होने की उम्मीद है। शहरभर में पुराने खंभे और तार बदले गए, ट्रांसफॉर्मर अपग्रेड हुए, भूमिगत लाइनों में सुधार किया गया। 94 सबस्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है और दो नए सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं। अगले दो वर्षों में पूरे नोएडा में भूमिगत केबलिंग करने का निर्णय लिया गया है।

आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के प्रयास

नसबंदी क्षमता को 25 से बढ़ाकर 50 प्रतिदिन किया गया है। आक्रामक कुत्तों को सेक्टर 34 और 135 के शेल्टर में शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि सेक्टर 123 में दो बड़े शेल्टर (1000 क्षमता वाले) बनाए जाने का प्रस्ताव है।

कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में सुधार

पुलिस अधिकारियों के साथ नियमित मीटिंगें पुनः शुरू की गई हैं। साइबर फ्रॉड जागरूकता बढ़ाई गई और छोटे अपराधों में कमी दर्ज की गई। यातायात प्रबंधन से जुड़े कई सुझाव लागू किए गए और जाम वाले बिंदुओं को चिन्हित कर हटाया गया। शहर में सुरक्षित व सुचारू ट्रैफिक सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

आमसभा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए फोनरवा कार्यकारिणी 2026–28 के चुनाव 14 दिसंबर 2025 को कराने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। चुनाव संचालन के लिए चार चुनाव अधिकारियों की घोषणा की गई

1. कर्नल (सेवानिवृत्त) एस.के. वैद्य

2. वी.एस. नगरकोटी

3. डॉ. तरसेम चंद

4. डी.के. खरबंदा

अंत में महासचिव के.के. जैन ने सभी सदस्यों का धन्यवाद देते हुए बैठक समाप्त की।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।