मेगा संडे में दिखा बीजेपी का दम, 12 वार्ड उपचुनाव में वोटरों को साधने में झोंकी पूरी ताकत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (23 November 2025): दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव से पहले आख़िरी रविवार भारतीय जनता पार्टी के लिए पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा रहा। सुबह से देर रात तक बीजेपी के सभी प्रत्याशियों, सांसदों, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा और आगामी रविवार को होने वाले मतदान में भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील की।
बीजेपी दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि रविवार को मिले व्यापक जनसमर्थन के बाद पार्टी का आंतरिक आकलन है कि वह 12 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने इसकी वजह संगठनात्मक शक्ति और मतदाताओं की पहचान कर मतदान सुनिश्चित कराने की पार्टी की क्षमता को बताया।
इस चुनावी संडे का सबसे बड़ा आकर्षण रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जिन्होंने दिनभर में विभिन्न वार्डों में कुल 7 बड़ी सभाएं और बैठकें कीं। उन्होंने अशोक विहार और द्वारका बी वार्डों में सांसद प्रवीन खंडेलवाल और कमलजीत सहरावत के साथ पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर कार्यकर्ताओं से अंतिम क्षण तक मेहनत कर वोटरों की वोटिंग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। दोपहर में वे ग्रेटर कैलाश पहुँचीं, जहां आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और मतदाताओं से संवाद कर स्थानीय विकास के मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा संगम विहार ए, सैनिक विहार और विनोद नगर में बड़ी सभाओं में उन्होंने मतदाताओं से भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के साथ जुड़कर विकास को गति देने की अपील की।
मुंडका, ढिचकाऊं कलां और ग्रेटर कैलाश में पूर्वांचल समाज की भारी भीड़ के बीच सांसद मनोज तिवारी ने तीन विशाल सभाएं कीं और कहा कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था में पूर्वांचल समाज की भूमिका अहम है तथा भाजपा उनकी बस्तियों के विकास को प्राथमिकता देती है। उन्होंने यह भी कहा कि यमुना किनारे छठ पूजा कराने का संकल्प पूरा कर पार्टी ने पूर्वांचल समुदाय से वादा निभाया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने ढिचकाऊं कलां और नारायणा वार्ड में पन्ना प्रमुख तथा लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2022 से भी बड़ी जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे आप के भाजपा विरोधी अभियान की हवा निकल जाएगी। विधायक नीलम पहलवान और अभय वर्मा ने भी ढिचकाऊं में दो नुक्कड़ सभाएं कीं।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने ढिचकाऊं और मुंडका में प्रवास करते हुए ग्रामीण वोटरों से भाजपा का समर्थन बनाए रखने की अपील की। मंत्री आशीष सूद ने नारायणा वार्ड में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से आश्वासन दिया कि जल्द ही यह क्षेत्र राजेंद्र नगर की तरह विकसित होगा।
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दक्षिणपुरी और संगम विहार ए में रेखा गुप्ता के साथ कई सभाओं को संबोधित कर दोनों वार्डों में कमल खिलाने का भरोसा जताया। विधायक चंदन चौधरी भी लगातार पदयात्राओं में सक्रिय रहे।
द्वारका बी वार्ड में सांसद कमलजीत सहरावत और विधायक संदीप सहरावत ने नौ सोसायटी बैठकों में अपने पार्षद कार्यकाल के विकास कार्यों को बताते हुए समर्थन मांगा। वहीं बांसुरी स्वराज ने ग्रेटर कैलाश में प्रबुद्ध जन संवाद में कहा कि पिछले आठ वर्षों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की सुशिक्षित प्रत्याशी को चुनना आवश्यक है।
अशोक विहार में सांसद प्रवीन खंडेलवाल और विधायक पूनम भारद्वाज ने सर्व समाज बैठकों में उम्मीद जताई कि 2022 की तरह इस बार भी अशोक विहार भाजपा का साथ देगा। चांदनी चौक वार्ड में विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और प्रभारी मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बूथ प्रमुखों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
दक्षिणपुरी वार्ड में विधायक श्याम शर्मा, सतीश उपाध्याय, महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडेय तथा एनडीएमसी सदस्य अनिल बाल्मीकि ने क्षेत्र के लोगों से भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ को समर्थन देने की अपील की। वहीं शालीमार बाग में विधायक अशोक गोयल ने वैश्य समाज की बड़ी बैठक को संबोधित किया।
रविवार का दिन पूरी तरह भाजपा के चुनावी जोश और जनसंपर्क अभियान में रंगा रहा। पार्टी नेताओं का दावा है कि जनता का उत्साह और कार्यकर्ताओं की मेहनत उपचुनाव में पार्टी की बड़ी जीत सुनिश्चित करेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।