Bihar News (15 November 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम सामने आने के बाद जन सुराज पार्टी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया जारी की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने एनडीए की भारी जीत पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जनता का बड़ा हिस्सा “डर और धन” के प्रभाव में आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए ने महिलाओं के खातों में 10,000 रुपये भेजकर करीब 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसे उन्होंने “खरीदे हुए वोट” बताया। उदय सिंह ने दावा किया कि इस खर्चे के कारण आने वाले वर्षों में बिहार सरकार विकास कार्यों पर पर्याप्त धन नहीं जुटा पाएगी।
विश्व बैंक से लिए गए कर्ज का दुरुपयोग होने का आरोप
उदय सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार सरकार ने विश्व बैंक से लिए गए 14,000 करोड़ रुपये के कर्ज का भी गलत इस्तेमाल किया। उनका कहना था कि यह पैसा विकास परियोजनाओं के लिए था, लेकिन चुनावी लाभ के लिए इसे वोट खरीदने में लगाया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई सरकार में केवल साफ-सुथरी छवि वाले लोगों को शामिल किया जाए और दागदार नेताओं को मंत्रिमंडल से दूर रखा जाए। उदय सिंह ने यह भी कहा कि चुनावी वादों को पूरा करना प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है, और यदि वादे पूरे नहीं हुए तो पार्टी उन मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी।
विधानसभा से बाहर रहकर भी लड़ाई जारी रखने का ऐलान
जन सुराज पार्टी को कम वोट मिलने पर उदय सिंह ने स्वीकार किया कि पार्टी निराश है, लेकिन हताश नहीं। उन्होंने कहा कि भले ही जनता ने उन्हें विधानसभा में जगह नहीं दी, पर वे बाहर से ही भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दे मजबूती से उठाते रहेंगे। उदय सिंह का कहना था कि एनडीए के पक्ष में वोट का झुकाव चुनाव के अंतिम दो–तीन दिनों में अचानक देखा गया, जो उन्हें भी आश्चर्यचकित करता है। उन्होंने बताया कि पार्टी इस परिवर्तन के कारणों पर विस्तार से मंथन करेगी।
सीमांचल में वोट ध्रुवीकरण का दावा—दिल्ली ब्लास्ट को बताया कारण
उदय सिंह ने सीमांचल क्षेत्र में वोटों के अचानक पलटने का कारण 10 नवंबर को दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट को बताया। उन्होंने कहा कि सीमांचल में मुस्लिम आबादी अधिक होने के कारण इस घटना ने समुदाय में डर और असुरक्षा की भावना पैदा की, जिससे वोटों का ध्रुवीकरण हुआ और जनसू राज पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पार्टी को 4% से कम वोट मिले, जबकि पार्टी का अनुमान 15% वोट का था। अब पार्टी इस बड़े अंतर के कारणों का विश्लेषण करेगी।
क्या प्रशांत किशोर राजनीति छोड़ेंगे? अध्यक्ष ने दिया जवाब
मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्न पर कि क्या प्रशांत किशोर अब राजनीति छोड़ देंगे,क्योंकि उन्होंने दावा किया था कि यदि जदयू 25 से अधिक सीटें जीतती है तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उदय सिंह ने स्पष्ट कहा कि उस समय की परिस्थितियों से ऐसा लग रहा था कि जदयू 25 सीट से ऊपर नहीं जाएगी। लेकिन वोट खरीदे जाने के कारण नतीजे बदले। उन्होंने कहा कि राजनीति छोड़ने या न छोड़ने का अंतिम निर्णय प्रशांत किशोर को ही लेना है, और वे उनका प्रतिनिधित्व नहीं करते, इसलिए इस पर अंतिम टिप्पणी उन्हीं से अपेक्षित है।
पार्टी करेगी आत्ममंथन, आगे की रणनीति पर काम जारी
उदय सिंह ने कहा कि भले ही परिणाम उम्मीद से कम आए हों, जनसू राज पार्टी अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखेगी। उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर मजबूत भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के पीछे के कारणों, विशेष रूप से अंतिम चरण में वोटों के तेज़ी से एनडीए की ओर पलटने को लेकर पार्टी गहन समीक्षा करेगी। उदय सिंह का कहना है कि बिहार में एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष भी उतना ही जरूरी है, और उनकी पार्टी वह भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।