Delhi Blast के बाद गृह मंत्री का बड़ा एक्शन: मंगलवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों की आपात बैठक
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (10 November 2025): दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए भीषण विस्फोट से राजधानी में दहशत फैल गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, एक हुंडई i20 कार में यह धमाका हुआ, जिससे आसपास खड़ी 3-4 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। अस्पताल सूत्रों ने पुष्टि की है कि इस हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और बम निरोधक दस्ते ने जांच शुरू कर दी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने ली स्थिति की जानकारी, घटनास्थल पर पहुंचे
विस्फोट की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर स्थिति की जानकारी ली। इसके तुरंत बाद अमित शाह ने ट्वीट और मीडिया के माध्यम से कहा कि “हम इसकी जांच कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द विस्फोट के कारणों का पता लगा लिया जाएगा।” उन्होंने बताया कि वे स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं और मंगलवार को गृह मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक होगी। शाह ने कहा कि सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस, NIA और NSG टीम जांच में जुटी
विस्फोट के कुछ ही मिनटों बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, NIA, SPG और FSL की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विशेषज्ञों ने वहां से मलबे और कार के अवशेषों के नमूने एकत्र किए हैं ताकि विस्फोटक पदार्थ की प्रकृति का पता लगाया जा सके। जांच एजेंसियां घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नेटवर्क की गतिविधियों को भी खंगाल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए कई एंगल से जांच जारी है।
क्या यह आतंकी हमला था? गृह मंत्री ने दिया जवाब
जब मीडिया ने अमित शाह से पूछा कि क्या यह आतंकवादी हमला था, तो उन्होंने कहा, “हम सभी पहलुओं को खुला रखकर जांच कर रहे हैं। यह कहना अभी बहुत मुश्किल है कि घटना का कारण क्या था। जब तक FSL और NSG की रिपोर्ट नहीं आती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच एजेंसियों को सभी संभावित एंगल्स पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की साजिश को बेनकाब किया जा सके।
गृह मंत्रालय में कल उच्च स्तरीय बैठक, देशभर में अलर्ट की संभावना
अमित शाह ने बताया कि मंगलवार सुबह गृह मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें दिल्ली पुलिस, NIA, NSG और इंटेलिजेंस ब्यूरो के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अब तक की जांच की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों ने इस धमाके के बाद देशभर के संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है, जबकि आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।