दिल्ली में ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 400 के पार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 November 2025): राष्ट्रीय राजधानी में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार की सुबह दिल्ली में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन के समय हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। विभाग ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली में धुंध छाए रहने और तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ स्तर पर, AQI पहुंचा 392

दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, रविवार सुबह 7 बजे तक राजधानी का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 392 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। प्रदूषित हवा के कारण लोगों को सर्दी-जुकाम, आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई जैसी दिक्कतें हो रही हैं। एनसीआर के शहरों में भी हालात बेहतर नहीं हैं — फरीदाबाद में AQI 306, गुरुग्राम में 322, गाजियाबाद में 314, ग्रेटर नोएडा में 301 और नोएडा में 299 दर्ज किया गया है।

राजधानी के कई इलाकों में हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में

दिल्ली के कई क्षेत्रों में हवा की स्थिति बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में AQI 412, अलीपुर में 415, अशोक विहार में 416 और बवाना में सबसे अधिक 436 दर्ज किया गया। चांदनी चौक, आरके पुरम, पटपड़गंज, सोनिया विहार और ITO में भी AQI 400 के पार पहुंच गया है। यह स्तर ‘गंभीर’ माना जाता है और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस स्तर की हवा में लंबी अवधि तक रहने से फेफड़ों और हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है।

GRAP-3 लागू न हो, इसके लिए बढ़ी सख्ती

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने सभी एजेंसियों को प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को धूल उड़ाने वाले निर्माण कार्यों, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और कूड़ा जलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। एमसीडी को मलबा और कचरा उठाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि GRAP-3 जैसे कठोर उपायों की नौबत न आए। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मौसम की स्थिति नहीं सुधरी, तो आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा और भी जहरीली हो सकती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।