सरदार@150 यूनिटी मार्च- युवाओं को जोड़ने वाली एकता और विकास की प्रेरक यात्रा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 नवंबर 2025): देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने माय भारत के माध्यम से पूरे देश में “विकसित भारत पदयात्रा” का शुभारंभ किया है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण” के विज़न से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सशक्त बनाना है।

चाँदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह पहल युवाओं को भारत के गौरवशाली इतिहास और सरदार पटेल के अद्भुत योगदान से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज जब भारत आज़ादी के 100 वर्ष पूरे होने की ओर अग्रसर है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में बढ़ रहा है, तब यह आवश्यक है कि हम उन मूल्यों को पुनर्जीवित करें जिन्होंने देश को एक सूत्र में बाँधा — एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता।

इस अवसर पर भाजपा चाँदनी चौक ज़िला अध्यक्ष अरविंद गर्ग, केशवपुरम ज़िला अध्यक्ष अजय खताना, विभिन्न व्यापारिक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सरदार पटेल द्वारा देश की 562 रियासतों के एकीकरण का अतुलनीय कार्य आज भी प्रेरणास्रोत है। सरदार@150 यूनिटी मार्च उसी भावना को आगे बढ़ाने वाली एकता और कर्तव्य की यात्रा है। इस अभियान का शुभारंभ 6 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा माय भारत पोर्टल पर डिजिटल रूप से किया गया था।

पहले चरण में युवाओं के लिए सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और Sardar@150 Young Leaders Program आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत चयनित 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

अभियान के दो प्रमुख चरण रखे गए हैं

पहला, जिला स्तरीय पदयात्राएँ (31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025), जो हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में तीन दिनों तक आयोजित होंगी। प्रत्येक दिन लगभग 8 से 10 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इन पदयात्राओं से पहले स्कूल-कॉलेजों में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियाँ और स्वदेशी मेले आयोजित होंगे। युवाओं को नशामुक्त भारत और गर्व से स्वदेशी का संकल्प दिलवाया जाएगा। साथ ही योग शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

दूसरा चरण, राष्ट्रीय पदयात्रा (26 नवंबर से 6 दिसंबर 2025) के रूप में मनाया जाएगा। यह 152 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक यात्रा करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) तक निकाली जाएगी। रास्ते में 150 पड़ावों पर सरदार पटेल के जीवन पर आधारित प्रदर्शनियाँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक संध्या “सरदार गाथा” के माध्यम से उनके जीवन की प्रेरक कहानियाँ साझा की जाएँगी।

चाँदनी चौक संसदीय क्षेत्र में इस अभियान के तहत तीन पदयात्राएँ आयोजित होंगी

* 9 नवंबर 2025: कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन, त्रि नगर से आज़ादपुर चौक तक।

* 17 नवंबर 2025: ऐतिहासिक लाल किला से आज़ाद मार्केट तक, जो पुरानी दिल्ली की व्यापारिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगी।

* 22 नवंबर 2025: डीटी मॉल, शालीमार बाग से रानी बाग चौक तक।

इन यात्राओं के माध्यम से एकता, राष्ट्रभावना और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा, सरदार पटेल के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संदेश को जीवन्त करते हुए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।