भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, कहा – आप बन गई हैं देश की रोल मॉडल
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (06 नवम्बर 2025): आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्याओं ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि उन्होंने न केवल देश का नाम रोशन किया है, बल्कि करोड़ों भारतीयों के दिलों में गर्व और खुशी का भाव जगाया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर यह साबित कर दिया है कि समर्पण, एकता और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। उन्होंने कहा कि यह टीम भारत का सच्चा प्रतिबिंब है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों, सामाजिक पृष्ठभूमियों और परिस्थितियों से आई खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन सभी एक ध्येय से जुड़ी हैं – “भारत की जीत।”
राष्ट्रपति मुर्मु ने टीम की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सात बार की विश्व विजेता और उस समय तक अपराजित रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को सेमीफ़ाइनल में हराकर देशवासियों के विश्वास को और मज़बूत किया है। एक मज़बूत टीम के ख़िलाफ़ शानदार जीत भारतीय टीम की उत्कृष्टता का यादगार उदाहरण है।

राष्ट्रपति ने कहा कि टीम की इस उपलब्धि ने उन्हें देशभर की युवतियों के लिए रोल मॉडल बना दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय बेटियाँ इस सफलता से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों ने जिस लगन, मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ इतिहास रचा है, वही गुण उन्हें भविष्य में भी नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने टीम की यात्रा में आई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिश्रम और धैर्य के बल पर सभी उतार-चढ़ाव का सामना किया। न्यूज़ीलैंड पर शानदार जीत के बाद देश को यह विश्वास हो गया था कि हमारी बेटियाँ विश्व कप लेकर ही लौटेंगी।

राष्ट्रपति ने टीम की सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके परिवारों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ को भी दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे टीम गेम में हर सदस्य का योगदान अहम होता है। उन्होंने मुख्य कोच, बॉलिंग कोच, फील्डिंग कोच और पूरे सपोर्ट स्टाफ की सराहना करते हुए टीम इंडिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रपति ने अंत में कहा कि महिला क्रिकेट टीम की यह उपलब्धि भारत के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो चुकी है और यह आने वाली पीढ़ियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देती रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।