केजरीवाल के वादों पर आकाश आनंद का विवादित बयान: ‘द्रौपदी की साड़ी’ है ये वादे
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (7 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव के करीब आते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बसपा नेता और मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। अपने विवादित बयान में उन्होंने केजरीवाल के वादों की तुलना ‘द्रौपदी की साड़ी’ से करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के वादे कभी खत्म होने का नाम ही नहीं लेते, लेकिन इनकी सच्चाई खोखली है।
आकाश आनंद ने कहा कि केजरीवाल ने ग्यारह साल में केवल 12,500 नौकरियां दी हैं, जबकि वादा 28 लाख नौकरियों का किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन वादों का हिसाब मांगा जाता है, तो मुख्यमंत्री के वादों का पिटारा ऐसे खोल दिया जाता है जैसे ‘द्रौपदी की साड़ी’। यह पिटारा खत्म होने का नाम ही नहीं लेता, लेकिन असल में यह सिर्फ दिखावा है।
उन्होंने कहा, “यहां धोखा भी छोटा शब्द लगता है। केजरीवाल के वादे केवल चुनावी जुमले हैं। इनकी घोषणाओं को यदि सच्चाई में बदला जाए तो जनता को बड़ा झटका लगेगा।”
आकाश आनंद का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक दल एक-दूसरे पर तीखे प्रहार कर रहे हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह टिप्पणी केजरीवाल की लोकप्रियता को चोट पहुंचाएगी या बसपा को नए वोट दिलाने में मदद करेगी। आने वाले चुनावों में इस बयान का असर कितना होगा, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन इतना तय है कि बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।