यमुना एक्सप्रेसवे पर मिला अस्पताल संचालक के भाई का शव, शरीर पर मिले चोट के निशान

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (25/10/2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जेवर के मंगरौली गांव निवासी संजय शर्मा (48) के रूप में हुई है, जो दनकौर में स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक डॉ. अजय शर्मा के बड़े भाई बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान संजय शर्मा के रूप में हुई।

परिजनों ने बताया कि संजय शुक्रवार को किसी कार्य से जेवर गए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। लगातार संपर्क न होने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह पुलिस की ओर से सूचना मिली कि संजय का शव एक्सप्रेसवे पर मिला है। परिजनों का कहना है कि मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। उनका कहना है कि यह महज हादसा नहीं बल्कि किसी साजिश के तहत हत्या भी हो सकती है।

कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संजय शर्मा अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस टीम एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि मौत की वजहों का पता लगाया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।