गांव मोहम्मदाबाद खेड़ा में दो भाइयों पर जानलेवा हमला, चार आरोपी नामजद घायलों को अस्पताल में भर्ती
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (23/10/2025): रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद खेड़ा में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ हमलावरों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रवि भाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार देर रात वह अपने छोटे भाई गजेंद्र के घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के वीरेंद्र और बिल्लू अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे। बताया गया कि आरोपी हाथों में लाठी-डंडे और तलवारें लिए हुए थे। उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
रवि और गजेंद्र ने जब इसका विरोध किया, तो चारों ने मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच कुछ समय से आपसी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते यह हमला हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।