दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज़, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मिथिला घाट का किया निरीक्षण
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (23 October 2025): दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में केबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपनी विधानसभा क्षेत्र राजौरी गार्डन स्थित मिथिला घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह वही स्थान है जहाँ हर वर्ष पूर्वांचली समाज के हज़ारों श्रद्धालु छठी मईया की पूजा-अर्चना करते हैं। सिरसा ने घाट पर सफाई, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और जल की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, मेडिकल सुविधाएं और महिला कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सिरसा ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह पूर्वांचली समाज की गहरी आस्था, परंपरा और पारिवारिक एकता का प्रतीक है।
मंत्री सिरसा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इस वर्ष दिल्ली में छठ महापर्व ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से पहली बार दिल्ली सरकार ने यमुना किनारे से लेकर विभिन्न कॉलोनियों तक छठ पूजा के लिए बेहतर सुविधाओं का प्रबंध किया है। उन्होंने छठी मईया से सभी के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि “मईया सब पर अपनी कृपा बनाए रखें।।”
टिप्पणियाँ बंद हैं।