थप्पड़ का बदला बना मौत का सबब: नरेला में पांच वर्षीय बच्चे की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 October 2025): दिल्ली के नरेला इलाके में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक पांच वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई, और आरोपी कोई अनजान नहीं बल्कि बच्चे के पिता का पूर्व चालक था। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को मलकागंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या मात्र बदले की भावना से की गई थी, क्योंकि आरोपी को कुछ दिन पहले बच्चे के पिता ने नौकरी से निकालते हुए थप्पड़ मारा था।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी-उत्तरी) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नरेला पुलिस को एक ट्रांसपोर्टर के बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने बताया कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा था और अचानक गायब हो गया। पुलिस ने तुरंत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। कुछ घंटों बाद बच्चे का शव उसी इलाके में रहने वाले परिवार के पूर्व चालक नीतू सहाय के कमरे से बरामद किया गया। इस खोज ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई। तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन मलकागंज क्षेत्र में ट्रेस की गई। पुलिस ने वहां दबिश दी और नीतू सहाय को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि कुछ दिन पहले बच्चे के पिता ने उसे नौकरी से निकाल दिया था और थप्पड़ भी मारा था, जिससे वह बुरी तरह अपमानित महसूस कर रहा था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने बच्चे को निशाना बनाया। आरोपी के पास से खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं, जबकि हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात के वक्त उसने किस हथियार का इस्तेमाल किया और घटना को अंजाम देने के बाद कहां-कहां छिपा रहा। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गुस्सा और प्रतिशोध जब इंसान पर हावी हो जाए, तो वह किस हद तक गिर सकता है। पुलिस ने मामले में हत्या और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।