दिल्ली विधानसभा में स्वतंत्र भारत की संसदीय परंपरा के शिल्पकार विट्ठलभाई पटेल को दी गई श्रद्धांजलि

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 October 2025): स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और भारत की संसदीय परंपरा के आधार स्तंभ रहे वीर विट्ठलभाई पटेल की 92वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली विधानसभा में विशेष श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस अवसर पर पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि, “आज पूरी दिल्ली विधानसभा उन्हें याद कर रही है। 100 वर्ष पहले उन्होंने भारतीय निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में जो कार्य किया, वह आज भी संसदीय लोकतंत्र की नींव के रूप में हमारे सामने है। विट्ठलभाई पटेल और उनके भाई सरदार वल्लभभाई पटेल, दोनों ने मिलकर भारत की आजादी में अमूल्य योगदान दिया।”

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विट्ठलभाई पटेल न केवल एक प्रखर स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं के सशक्त रक्षक भी थे। सन् 1925 में वे भारत की केंद्रीय विधानसभा के पहले भारतीय अध्यक्ष बने। उन्होंने ब्रिटिश शासनकाल में भी भारतीय प्रतिनिधित्व को सम्मान दिलाने और संसदीय कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया। जिस केंद्रीय विधानसभा भवन में उन्होंने सदन का संचालन किया था, वही भवन आज दिल्ली विधानसभा के रूप में कार्य कर रहा है और जनता की सेवा का केंद्र बना हुआ है।

समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विट्ठलभाई पटेल के आदर्श आज भी भारतीय लोकतंत्र की हर संस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संसदीय मर्यादा, अनुशासन और संवाद की संस्कृति को स्थापित किया, जो आज संसद और विधानसभा दोनों के संचालन की मूल भावना है। उनकी दूरदृष्टि और निष्ठा ने भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत नींव दी।

विट्ठलभाई पटेल ने अपने जीवन का हर क्षण देश की आजादी और लोकतंत्र की मजबूती के लिए समर्पित किया। उनका जन्म गुजरात में हुआ था और वे पेशे से वकील थे। ब्रिटिश शासन के खिलाफ आंदोलन में उन्होंने न केवल सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि संसदीय मार्ग से भी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया। 22 अक्टूबर 1933 को जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में उनका निधन हुआ, लेकिन उनके विचार आज भी भारतीय राजनीति और संसदीय परंपराओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

विधानसभा परिसर में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई विधायकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि विट्ठलभाई पटेल की सादगी, ईमानदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण आज के नेताओं के लिए एक उदाहरण है। दिल्ली विधानसभा ने उनके योगदान को याद करते हुए यह संकल्प लिया कि उनकी स्थापित संसदीय परंपराओं को और मजबूत किया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।