उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (20 October 2025): उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने दीपावली के शुभ अवसर पर देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों एवं भारत प्रेमियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली अच्छाई पर बुराई और ज्ञान पर अज्ञान की विजय का पर्व है, जो उदारता, दानशीलता और समावेशिता जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमारे सांस्कृतिक और सभ्यतागत मूल्यों का प्रतीक है, जो समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के माध्यम से और भी प्रासंगिक बन जाता है।
उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का पर्व हमें नकारात्मकता और अधर्म को त्यागकर सकारात्मकता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत कल्याण का समय नहीं, बल्कि राष्ट्र की समग्र प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों का भी अवसर है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि सभी लोग इस अवसर पर एकजुट होकर देश की उन्नति में योगदान दें।
उन्होंने आगे कहा कि जैसे दीपावली पर हर घर में जलाए गए दीपक अंधकार को मिटाकर प्रकाश फैलाते हैं, वैसे ही हमें अपने सामूहिक प्रयासों से भारत के उज्जवल भविष्य को प्रकाशित करना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस पर्व के माध्यम से हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सब मिलकर भारत के विकास और सामूहिक प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
अंत में उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने माता लक्ष्मी से देशवासियों के जीवन में शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियाँ और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने अपने संदेश का समापन “शुभ दीपावली” कहकर किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।