दिल्ली के नबी करीम में डबल मर्डर: प्रेम प्रसंग में महिला और युवक की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 October 2025): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक डबल मर्डर का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंधों के विवाद में यह पूरी वारदात हुई, जिसमें एक महिला और एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल है। घटना शनिवार (18 अक्टूबर) की रात करीब 10:15 बजे कुतुब रोड इलाके में हुई। मृतकों की पहचान आशू उर्फ शैलेंद्र (34) और शालिनी (22) के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति शालिनी का पति आकाश (23) है, जो इस समय अस्पताल में उपचाराधीन है।

सास के घर मिलने आई थी महिला, बीच सड़क पर हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात आकाश अपनी पत्नी शालिनी के साथ अपनी सास शीला से मिलने कुतुब रोड पहुंचा था। इसी दौरान, जब शालिनी ई-रिक्शा में बैठी थी, तभी आरोपी आशू वहां पहुंचा और उस पर अचानक चाकू से कई वार कर दिए। आकाश ने पत्नी पर हमला होते देखा तो उसे बचाने के लिए दौड़ा और झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान आशू ने आकाश पर भी हमला किया, लेकिन आकाश ने खुद को संभालते हुए उसी चाकू से आशू पर पलटवार कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर अफरातफरी मच गई और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

अस्पताल में महिला और युवक को मृत घोषित किया गया

घटना के तुरंत बाद शालिनी का भाई रोहित दोनों (शालिनी और आकाश) को एलएचएमसी अस्पताल लेकर पहुंचा, जबकि पुलिस ने गंभीर हालत में आशू को भी उसी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जांच के बाद शालिनी और आशू दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश का इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

प्रेम संबंध और गर्भ को लेकर बढ़ा विवाद

जांच में खुलासा हुआ है कि शालिनी और आकाश की शादी हो चुकी थी और उनके दो बच्चे हैं। शालिनी गर्भवती भी थी, लेकिन कुछ समय पहले उसका अपने पति से झगड़ा हुआ और वह आशू के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी थी। कुछ समय बाद वह फिर से आकाश के साथ रहने लगी, जिससे आशू बेहद नाराज था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशू खुद को शालिनी के गर्भ में पल रहे बच्चे का पिता बता रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पुरुषों के बीच तनाव बढ़ गया था, जो आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस ने बताया कि आशू नबी करीम क्षेत्र का कुख्यात अपराधी था और आकाश के खिलाफ भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।