New Delhi News (19 October 2025): दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्र संघ चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार देर रात परिसर में तनाव बढ़ गया। छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने JNUSU अध्यक्ष नितेश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा और महासचिव मुंतिया फातिमा सहित कुल 28 छात्रों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें करीब 12 घंटे बाद रिहा कर दिया गया। झड़प के चलते विश्वविद्यालय परिसर और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई पर जेएनयू शिक्षक संघ का विरोध
घटना के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (JNUTA) ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को “अनुचित और बर्बर” बताया। JNUTA के अध्यक्ष सुरजीत मजूमदार ने कहा कि “18 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने छात्रों पर हिंसा की, जिसमें 28 छात्रों को हिरासत में लिया गया जिनमें छात्र संघ के तीन पदाधिकारी भी शामिल थे।” शिक्षक संघ ने यह भी कहा कि जेएनयू प्रशासन ने इस पूरे मामले में निष्क्रियता दिखाई, जिससे हालात और बिगड़े।
विरोध मार्च और सड़क जाम की स्थिति
सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 100 से अधिक छात्र-छात्राएं जेएनयू के पश्चिमी गेट पर इकट्ठा हुए और वसंत कुंज उत्तर थाने तक मार्च करने लगे। छात्रों ने पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने नेल्सन मंडेला मार्ग पर बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने बलपूर्वक बैरिकेड तोड़ दिए और सड़क पर उतर आए। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित हो गया और दोनों ओर अफरातफरी का माहौल बन गया।
छात्र संघ अध्यक्ष का आरोप: ‘हमें बंधक बनाकर पीटा गया’
JNUSU अध्यक्ष नितेश कुमार ने दावा किया कि “स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज (SSS)” में जनरल बॉडी मीटिंग के दौरान उन्हें, उपाध्यक्ष और महासचिव को एबीवीपी के सदस्यों ने दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा, जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। उन्होंने कहा कि पुलिस को तत्काल फोन कर मदद मांगी गई, लेकिन “पुलिस मौके पर मौजूद होते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं की।” इसके बाद छात्रों ने विरोध में पुलिस थाने की ओर मार्च किया, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए 100 से अधिक छात्रों को हिरासत में ले लिया।
जांच जारी, स्थिति नियंत्रण में
पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और परिसर में शांति बहाल कर दी गई है। हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ की जा रही है, जबकि प्रशासन ने चुनाव पूर्व किसी भी प्रकार की हिंसा रोकने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। जेएनयू में होने वाले छात्र संघ चुनाव से पहले यह घटना विश्वविद्यालय की राजनीति में एक बार फिर तनाव और टकराव की नई लहर लेकर आई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।