कर्तव्य पथ पर दिल्ली की ऐतिहासिक दीवाली: आस्था, संस्कृति और आलोक का अद्भुत संगम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 October 2025): दिल्ली के कर्तव्य पथ पर इस वर्ष पहली बार दिल्ली सरकार द्वारा भव्य रूप से दीपोत्सव मनाया गया। राजधानी के इस ऐतिहासिक आयोजन में लगभग 1 लाख 51 हजार दीपों की ज्योति से पूरा कर्तव्य पथ आलोकित हो उठा। दीपों की रौशनी, ड्रोन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मिलकर आस्था, संस्कृति और राष्ट्रभावना का एक अद्भुत संगम रचा। दिल्लीवासियों के लिए यह क्षण इतिहास में दर्ज होने वाला रहा, जब पूरी राजधानी राममय और तेजोमय हो उठी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का संदेश: “राममय हुई दिल्ली”

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपोत्सव के मंच से कहा, “जब राजा राम वनवास से लौटे थे, तो अयोध्या जगमगा उठी थी। जब राम मंदिर बना, तो राष्ट्र आलोकित हुआ। और आज, जब दिल्ली में भाजपा सरकार है, तो पहली बार कर्तव्य पथ पर दीपोत्सव में राजधानी भी राममय हो उठी है।” उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति के प्रति दिल्ली सरकार की गहरी निष्ठा और सम्मान का प्रतीक है।

आशीष सूद का वक्तव्य: संस्कृति का सम्मान, नागरिकों का उत्सव

मंत्री आशीष सूद ने इस अवसर पर कहा कि कर्तव्य पथ पर भव्य दीपोत्सव हुआ, जहां ड्रोन शो ने दिल्ली की आस्था और संस्कृति को आकाश में उकेर दिया। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार भारतीय संस्कृति का सम्मान करती है और हर नागरिक के साथ मिलकर हमारे त्योहारों का उल्लास पूरे गौरव के साथ मनाती है।” उन्होंने इसे “संस्कृति के पुनर्जागरण का उत्सव” बताया।

कपिल मिश्रा का संदेश: ‘अब कोई बहाने नहीं’

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने इस आयोजन को “संस्कृति-सभ्यता के पुनर्जागरण” का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि “हिंदू त्योहारों पर अब कोई बहाने नहीं, कोई बैन नहीं, कोई आरोप नहीं केवल उत्सव, आस्था और ऊर्जा है।” उन्होंने कहा कि यह सरकार शीशमहल में रहने वाली नहीं, बल्कि कर्तव्य के पथ पर उतरकर संस्कृति को पुनर्जीवित करने वाली सरकार है। इंडिया गेट के नीचे दीपों का सागर और ऊपर ड्रोन शो के माध्यम से प्रदर्शित रामकथा ने इस दृश्य को अविस्मरणीय बना दिया।

सिरसा बोले: “दिल्ली में रामजी के स्वागत का दिव्य क्षण”

पूर्व सांसद मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि “प्रभु श्रीराम जी के स्वागत में सजी-धजी दिल्ली को देखकर मेरा मन भी आज आनंदित हो उठा।” उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और आधुनिकता का अद्भुत संगम है — जहां 1,51,000 दीपों की रोशनी और ड्रोन शो की चमक ने पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित कर दिया। सिरसा ने कहा कि “यही फर्क है एक सनातनी सरकार और एक हिंदू विरोधी सरकार में।”

प्रवेश वर्मा ने सराहा आयोजन की भव्यता

मंत्री प्रवेश वर्मा ने कर्तव्य पथ पर आयोजित दीपोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि “इतिहास में पहली बार दिल्ली ने ऐसा दृश्य देखा है, जहां दीपों की श्रृंखला, ड्रोन शो की भव्यता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विविधता ने इस आयोजन को अलौकिक बना दिया।” उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके सहयोगी मंत्रियों को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए साधुवाद दिया।

दिल्ली की दीवाली का नया अध्याय

कर्तव्य पथ पर आयोजित यह दीपोत्सव न केवल दिल्ली की दीवाली को नया स्वरूप देता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जब शासन में आस्था और संस्कृति के प्रति समर्पण हो, तो उत्सव केवल रोशनी नहीं, बल्कि आत्मगौरव का प्रतीक बन जाता है। यह आयोजन उन 11 वर्षों के अंधकार के बाद दिल्ली में आशा, विश्वास और संस्कृति के पुनरुद्धार का प्रतीक बना है। राजधानी के इतिहास में यह दीपोत्सव “दिल्ली की पहली ऐतिहासिक दीवाली” के रूप में सदा अंकित रहेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।