“चार इंजन की भाजपा सरकार ने दिल्ली को बना दिया लूट का अड्डा”: AAP पार्षदों का विरोध

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (14 अक्टूबर 2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) के सदन में आज आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों ने भूख हड़ताल पर बैठे एमटीएस (MTS) और सीएफडब्ल्यू (CFW) कर्मचारियों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के नेतृत्व में पार्षदों ने सदन में भाजपा सरकार से सवाल किया कि जब दिल्ली में डेंगू (Dengue), मलेरिया (Malaria) और चिकनगुनिया (Chikungunya) के केस लगातार बढ़ रहे हैं, तो सरकार जनता की सुरक्षा और सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर चुप क्यों है।

अंकुश नारंग ने कहा, “दिल्ली में डेंगू-मलेरिया के केस ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, फिर भी भाजपा को दिल्लीवालों की चिंता नहीं है। चार इंजन की भाजपा सरकार दिल्ली को लूटने और मेहनतकश कर्मचारियों के हक़ का वेतन चुराने का काम कर रही है। भाजपा सरकार और महापौर ने निगम को लूट का अड्डा बना दिया है, कर्मचारी सड़क पर हैं और सफाई ठप है।”

उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की सिर्फ तीन जायज़ मांगें हैं—समान वेतन, डीए (DA) और न्यूनतम ग्रेड पे ₹27,900—लेकिन भाजपा ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नारंग ने कहा, “कर्मचारियों का दशहरा, करवा चौथ और नवरात्रि सड़क पर गुजर गया। अगर भाजपा इसी तरह चली तो उनकी दिवाली भी काली रहेगी।”

नारंग ने बताया कि उन्होंने सदन में कर्मचारियों की मांगों पर निजी बिल (Private Bill) पेश किया, लेकिन भाजपा ने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने महापौर पर आरोप लगाया कि समिति गठन का वादा भी सिर्फ कागजों तक सीमित है।

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के “10 हफ्ते, 10 रविवार, 10 मिनट डेंगू पर वार” अभियान को याद करते हुए नारंग ने कहा कि भाजपा के पास न तो कोई योजना है और न ही जनता को बचाने की इच्छा। “भाजपा की चार इंजन सरकार फेल साबित हो रही है — जलभराव, प्रदूषण, और बीमारी — हर मोर्चे पर दिल्ली बेहाल है,” उन्होंने जोड़ा।

अंकुश नारंग ने एक्स (X) पर भी लिखा कि भाजपा सरकार और महापौर ने निगम को “लूट का अड्डा” बना दिया है। उन्होंने कहा, “5200 डीबीसी और एमटीएस कर्मचारियों की जायज़ मांगों को लेकर हम काली पट्टी बांधकर सदन में उतरे, लेकिन भाजपा के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।