दिल्ली से 17 शहरों के लिए दौड़ेंगी DTC इलेक्ट्रिक बसें, ‘ग्रीन ट्रैवल मिशन’ की शुरुआत

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (10 October 2035): दिल्ली सरकार राजधानी के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार अब दिल्ली से अन्य राज्यों के प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। यह पहल न केवल यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बनाएगी बल्कि प्रदूषण घटाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। रेखा सरकार का कहना है कि दिल्ली की सीमाओं से बाहर तक इस स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन प्रणाली का विस्तार “ग्रीन ट्रैवल मिशन” के तहत किया जा रहा है।

17 नए अंतरराज्यीय मार्गों पर चलेगी बसें

दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान सहित कई पड़ोसी राज्यों के लिए कुल 17 अंतरराज्यीय मार्ग निर्धारित किए हैं। इनमें दिल्ली-ऋषिकेश, दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-हरिद्वार, दिल्ली-आगरा, दिल्ली-मुरादाबाद और दिल्ली-यमुनानगर जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा, जयपुर, लखनऊ, पटियाला, चंडीगढ़, अमृतसर, कटरा, शिमला, हल्द्वानी और बरेली को भी जोड़ा जाएगा। परिवहन विभाग ने बताया कि चयन उन मार्गों पर किया गया है जहां चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से मौजूद है या जल्द विकसित किया जा सकेगा।

सुरक्षा और सुविधा दोनों का ध्यान

दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। 12 मीटर लंबी ये बसें लंबी दूरी की यात्रा के लिए आरामदायक सीटिंग, वातानुकूलन और शांत सवारी अनुभव प्रदान करेंगी। मंत्री ने बताया कि पहले चरण में कुछ मार्गों पर सेवाएं अगले साल तक शुरू होने की संभावना है, जबकि अन्य शहरों को बाद के चरणों में जोड़ा जाएगा।

2010 के बाद फिर से होगी DTC की वापसी

गौरतलब है कि DTC की अंतरराज्यीय बस सेवा वर्ष 2010 में बंद हो गई थी, जब इसका पूरा बेड़ा CNG में परिवर्तित किया गया और अन्य राज्यों में CNG की सीमित उपलब्धता के कारण सेवा जारी नहीं रह सकी। अब, इलेक्ट्रिक वाहनों के तेजी से बढ़ते नेटवर्क और पर्यावरण-मित्र नीति के साथ दिल्ली सरकार इन सेवाओं को दोबारा शुरू कर रही है। इस कदम से न केवल यात्रियों को सस्ती और विश्वसनीय यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा परिवहन को भी नई दिशा मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।