अमित शाह ने 1816 करोड़ की परियोजनाओं की रखी नींव, यमुना सफाई अभियान को मिली नई गति
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (09 October 2025): दिल्ली में जल आपूर्ति और यमुना सफाई को लेकर ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने दिल्ली जल बोर्ड की ₹1816 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और आधारशिला रखी। इन योजनाओं में नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण और पुराने संयंत्रों का नवीनीकरण शामिल है। शाह ने कहा कि इन परियोजनाओं में लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा यमुना सफाई पर केंद्रित है। उन्होंने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ यमुना का सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।
श्रद्धांजलि और प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा का किया उल्लेख
अमित शाह ने समारोह की शुरुआत भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा जी का जीवन राष्ट्रवाद और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक था। इसके साथ ही शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 वर्ष की सार्वजनिक सेवा यात्रा का भी उल्लेख किया, जो 7 अक्टूबर को पूर्ण हुई। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक सुशासन का आदर्श प्रस्तुत किया और देश को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
पूर्व सरकारों के वादों पर किया तीखा प्रहार
गृह मंत्री शाह ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने यमुना को स्वच्छ करने के कई वादे किए, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “यमुना में डुबकी लगाने का वादा करने वाले नेता खुद कभी डुबकी नहीं लगाए, उनकी कट आउट को जब डुबकी लगवाई गई तो वह बीमार हो गया।” शाह ने कहा कि अब भाजपा सरकार ने ठान लिया है कि यमुना को साफ कर दिल्ली को स्वच्छ और विकसित शहर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार और विज्ञापन खर्चों में कटौती से प्राप्त धन को यमुना सफाई में लगाया जा रहा है।
आर्थिक सुधार और कचरा प्रबंधन पर भी फोकस
शाह ने अपने संबोधन में जीएसटी और कचरा प्रबंधन से जुड़ी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी दरों में राहत देकर मध्यमवर्ग और गरीबों को दिवाली का दोहरा तोहफा दिया है। पहले 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को आयकर मुक्त कर ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत कराई गई। दिल्ली में पहले कचरे के पहाड़ 65 मीटर तक ऊंचे थे, लेकिन अब 1 जनवरी 2028 तक इन कचरा ढेरों को खत्म कर वहां हरित पार्क विकसित किए जाएंगे।
पारदर्शिता की गारंटी
गृह मंत्री ने कहा कि पिछली आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सरकारों के शासनकाल में घोटाले ही घोटाले हुए, लेकिन अब पारदर्शिता ही शासन का आधार है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार जब जनता के बीच जाएगी, तो उसके पास एक भी घोटाले का आरोप नहीं होगा। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ, यही विकास मॉडल अब दिल्ली में लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का संकल्प: विकसित दिल्ली का विज़न
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत 2047” लक्ष्य को पूरा करने में गृह मंत्री अमित शाह एक आधुनिक लौह पुरुष की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 साल की कांग्रेस और 11 साल की आप सरकार ने यमुना को केवल चुनावी मुद्दा बनाया, लेकिन अब केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से यमुना सफाई एक वास्तविकता बन रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय केंद्र ने ₹2000 करोड़ दिए, पर काम अधूरा रहा; अब नई सरकार उस कार्य को पूरा करेगी।
यमुना सफाई की नई रणनीति और धार्मिक समरसता
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना सफाई के लिए सभी नालों का पानी अब सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। हर नाले का ड्रोन सर्वे किया गया है और प्रदूषण नियंत्रण के लिए सटीक योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि यमुना हमारे लिए राजनीति नहीं, बल्कि आस्था का विषय है। इसी के तहत इस बार छठ पूजा यमुना के दोनों तटों पर आयोजित होगी और सरकार इसमें हर संभव सहयोग देगी। शाह ने दिल्ली में होटल लाइसेंस और निर्माण कार्यों में पुलिस हस्तक्षेप खत्म करने का ऐलान भी किया।
प्रवेश वर्मा का दावा: तीन साल में दोगुनी होगी क्षमता
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि अब तक की सरकारों ने यमुना सफाई के नाम पर घोटाले किए, लेकिन अब 27 साल बाद यह कार्य सच्चे अर्थों में शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दिल्ली की सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता 700 एमजीडी है, जिसे अगले तीन वर्षों में 1400 एमजीडी तक बढ़ाया जाएगा। सभी पुराने संयंत्रों को अपग्रेड कर बीओडी स्तर को 10 मिलीग्राम प्रति लीटर तक लाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नजफगढ़ नाले और साहिबी नदी को फिर से जीवन देने का कार्य जारी है। यमुना सफाई पूरी होने के बाद दिल्ली को दो स्वच्छ नदियों का उपहार मिलेगा, जो शहर के पर्यावरण और आस्था दोनों के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।