नई दिल्ली (06 अक्टूबर 2025): उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और दलितों पर बढ़ते अत्याचार का हवाला देते हुए कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की है।
इंदिरा भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने रायबरेली में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या समेत हालिया कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
गौतम ने कहा कि पिछले दस वर्षों में दलितों के खिलाफ क्रूर हमलों, बलात्कार, हत्याओं और सामाजिक बहिष्कार की घटनाओं में तेजी आई है। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि देश के पांच भाजपा शासित राज्यों में दलित उत्पीड़न की 75% घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें से अकेले 26.2% मामले उत्तर प्रदेश में हुए। वर्ष 2023 में दलितों के खिलाफ देशभर में 57,789 अपराध दर्ज हुए, जिनमें 15,130 मामले केवल यूपी से संबंधित हैं।
उन्होंने रायबरेली में दलित युवक हरिओम की हत्या का वीडियो पत्रकारों को दिखाया, जिसमें युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी। गौतम ने कहा कि जब हरिओम ने मरने से पहले राहुल गांधी का नाम लिया, तो हमलावरों ने उसका मजाक उड़ाया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या योगी सरकार ने अपराधियों को खुली छूट दे दी है?
कांग्रेस नेता ने मांग की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य में दलित उत्पीड़न की घटनाओं की ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। साथ ही, पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि इन मामलों की जांच एसआईटी से कराई जाए और दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सख्त सजा दी जाए।
वहीं, सांसद इमरान मसूद ने कहा कि “आज देश का संविधान खतरे में है। योगी सरकार कानून का राज स्थापित करने में असफल रही है और उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार में नंबर वन बन गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दलितों, महिलाओं और मुसलमानों के खिलाफ अपराध चरम पर हैं।
मसूद ने कहा कि सरकार की बुलडोजर कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “देश में कानून नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा का राज चल रहा है। हिंसा फैलाने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर लाठियां और गोलियां चलाई जा रही हैं।”
उन्होंने बरेली की हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि “2,800 लोगों को नामजद किया गया है, सिर्फ पोस्टर थामने पर कार्रवाई हो रही है, जबकि सड़कों पर उपद्रव मचाने वालों को समझाकर छोड़ दिया जा रहा है।”
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि लोकसभा में नेता विपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने मृतक हरिओम के परिवार से फोन पर बात की है। इसके अलावा अमेठी सांसद के.एल. शर्मा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने रायबरेली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी जल्द ही एक फैक्ट-फाइंडिंग टीम गठित करेगी, जो दलित उत्पीड़न की घटनाओं की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।