श्री धार्मिक रामलीला कमेटी: हनुमान की लंका दहन से रावण वध तक, गूंजा “जय श्रीराम”

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (02/10/2025): श्री धार्मिक रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा के भव्य मंचन के नवें दिन श्रद्धा, भक्ति और रोमांच से परिपूर्ण दृश्य उपस्थित रहे। गोस्वामी सुशील जी महाराज के मार्गदर्शन और समिति अध्यक्ष आनंद भाटी के नेतृत्व में हुई इस अद्वितीय रामलीला में हनुमान जी की वीरता से लेकर रावण वध तक की घटनाओं ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

रामलीला मंचन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि, भगवान श्रीराम का नाम इस देश के कण-कण में समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि राम हमें भारतीय संस्कृति की उस विशिष्टता से परिचित कराते हैं, जो हमारे देश को विश्व की अन्य संस्कृतियों से अलग पहचान देती है। श्रीराम का चरित्र त्याग, धर्म रक्षा और समाज को एक सूत्र में पिरोने की प्रेरणा देता है।

विधायक ने उपस्थित दर्शकों और श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जिस प्रकार सतयुग, त्रेतायुग और द्वापरयुग में भगवान राम के आदर्शों का पालन किया गया, उसी तरह कलियुग में भी उनके जीवन मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज को समृद्ध और सशक्त बनाने के लिए हमें श्रीराम के आदर्शों पर चलना चाहिए, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।

अपने संबोधन के अंत में विधायक ने रामलीला समिति, संत सुशीलजी महाराज, पत्रकारों और उपस्थित श्रद्धालुओं को नमन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और “जय श्री राम” के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

नवमी की शुरुआत हनुमान जी और माता सीता की मार्मिक भेंट से हुई। हनुमान जी ने प्रभु श्रीराम की मुद्रिका देकर विश्वास जगाया और रावण की वाटिका को नष्ट कर दिया। इसके बाद जब रावण ने उन्हें दंडस्वरूप पूंछ में आग लगाने का आदेश दिया, तो मंचन में लंका दहन का अद्भुत दृश्य साकार हुआ। विभीषण की कुटिया को सुरक्षित छोड़ देना दर्शकों के लिए गहरी सीख छोड़ गया।

मंचन में आगे नल-नील द्वारा समुद्र पर सेतु निर्माण और सेना का लंका में प्रवेश दिखाया गया। लक्ष्मण पर शक्ति लगने के बाद उनका मूर्छित होना और हनुमान जी द्वारा हिमालय से संजीवनी बूटी लाना दृश्य अत्यंत भावुक और प्रेरक रहा। इसके बाद मेघनाथ और कुंभकर्ण के वध के उपरांत स्वयं रावण रणभूमि में आया। प्रभु श्रीराम के हाथों उसका पतन होते ही पूरा परिसर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।

अध्यक्ष आनंद भाटी ने कहा कि, यह रामलीला हमें सिखाती है कि शक्ति और ज्ञान होने के बावजूद अहंकार व अधर्म व्यक्ति के पतन का कारण बनते हैं। प्रभु श्रीराम की लीलाएं हमें आंतरिक रावण — अहंकार, असत्य और अज्ञान — को त्यागने तथा धर्म, सत्य और सदाचार पर चलने का संकल्प देती हैं।

इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गोस्वामी सुशील जी महाराज, एडवोकेट राजकुमार नागर, पंडित प्रदीप शर्मा, मुख्य संरक्षक नरेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी अतुल आनंद सिंह ने आयोजन की जानकारी साझा की। रामलीला मंचन ने यह स्पष्ट किया कि असत्य कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, सत्य और धर्म की विजय निश्चित है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।