दिल्ली बीजेपी के प्रथम अध्यक्ष प्रो. वीके मल्होत्रा का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (30 September 2025): भाजपा के संस्थापक सदस्य, दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद, सांसद और आल इंडिया स्पोर्ट्स काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का आज सुबह 6 बजे दिल्ली एम्स में निधन हो गया। 94 वर्षीय प्रो. मल्होत्रा पिछले कुछ समय से उम्रजनित बीमारियों के कारण उपचाराधीन थे। उनके निधन से भाजपा परिवार समेत पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रो. मल्होत्रा के निधन का समाचार मिलते ही भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, महामंत्री विनोद तावड़े व दुष्यंत गौतम और राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर.पी. सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं ने भी परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सुबह ही उनके निवास पर पहुंचकर परिजनों से संवेदना प्रकट की और अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं का स्वयं संभार लिया।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और शाहनवाज हुसैन, दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर व अन्य पदाधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रो. मल्होत्रा के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिल्ली के विकास में उनके योगदान की सराहना की। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और आशीष सूद ने भी निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय और मनोज तिवारी, सांसद कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल और बाँसुरी स्वराज ने भी प्रो. मल्होत्रा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। उनके साथ लंबे समय तक कार्य करने वाले वरिष्ठ नेताओं डॉ. वेदव्यास महाजन, रामभज, ओ.पी. बब्बर, पी.के. चांदला, लाल बिहारी तिवारी, डॉ. अनिता आर्य, पवन शर्मा, मूलचंद चावला, सुभाष आर्य और लालचंद मेहरोलिया ने उनके निधन को निजी क्षति बताते हुए कहा कि पार्टी ने एक भाई समान साथी खो दिया है।

प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का जीवन परिचय

3 दिसम्बर 1931 को लाहौर में जन्मे प्रो. मल्होत्रा ने स्नातक की पढ़ाई वहीं से पूरी की और दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की। उनके पिता वैद्य खजानचंद एक प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य थे। परिवार में उनकी पत्नी कृष्णा मल्होत्रा, पुत्र अजय मल्होत्रा और पुत्री अनुपमा मलिक हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और जनसंघ के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान बनी। एबीवीपी की स्थापना में भी उनका विशेष योगदान रहा। वे 1958 से 1967 तक दो बार दिल्ली नगर निगम के सदस्य, 1967 से 1977 तक दिल्ली महानगर परिषद के सदस्य तथा 1967-72 तक दिल्ली के मुख्य कार्यकारी पार्षद रहे। उनके कार्यकाल में दिल्ली का पहला फ्लाईओवर पटेल नगर-मोती नगर मार्ग पर 1970 में बना।

1972 से 1977 तक उन्होंने परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्य किया और आपातकाल (1975-77) के दौरान जेल में भी रहे। 1977 में लोकसभा सदस्य चुने गए और 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद वे दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष बने। इसके बाद उन्होंने 1989, 1999 और 2004 में लोकसभा चुनाव जीते और 1994 में राज्यसभा सदस्य भी रहे। 2004-08 तक लोकसभा में भाजपा के उपनेता रहे।

खेलों से जुड़ाव के कारण वे 2002-04 और फिर 2015-23 तक आल इंडिया काउंसिल ऑफ स्पोर्ट्स के अध्यक्ष रहे। 2008 में वे दिल्ली विधानसभा के सदस्य बने और 5 वर्षों तक नेता प्रतिपक्ष रहे। एक शिक्षाविद के रूप में उन्होंने लगभग 36 वर्षों तक दिल्ली के पीजीडीएवी कॉलेज में अध्यापन किया।

प्रो. मल्होत्रा के निधन से दिल्ली भाजपा ने अपने संस्थापक अध्यक्ष और संगठन के मार्गदर्शक को खो दिया है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।