दिल्ली के किसानों की हालत पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जताई चिंता, CM आतिशी को लिखा पत्र
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (02 जनवरी, 2025): केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिखकर दिल्ली में किसानों की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों के प्रति उदासीन है और उनके हित में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
मंत्री ने पत्र में लिखा कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से आप की सरकार है, लेकिन किसानों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, एकीकृत बागवानी मिशन, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, बीज ग्राम कार्यक्रम जैसी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि इन योजनाओं के लागू न होने से किसानों को नर्सरी और टिशू कल्चर की स्थापना, फसल प्रबंधन के लिए पाली हाउस, कोल्ड चैन सब्सिडी और कृषि मशीनीकरण जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसानों के ट्रैक्टर और हार्वेस्टर का पंजीकरण कमर्शियल व्हीकल श्रेणी में किया जा रहा है, जिससे किसानों को अधिक शुल्क देना पड़ रहा है। इसके अलावा, यमुना किनारे के गांवों में सिंचाई उपकरणों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे किसानों की आजीविका संकट में है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने फ्री बिजली की घोषणा की थी, लेकिन किसानों के लिए बिजली की दरें बहुत अधिक हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं को लागू न करने से दिल्ली के किसानों को बीज वितरण, फसल अवशेष प्रबंधन, सूक्ष्म सिंचाई और कृषि विकास में मदद नहीं मिल रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजनैतिक प्रतिस्पर्धा के कारण किसानों का नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने आप सरकार से अपील की कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किसानों के हित में काम करें और केंद्र की योजनाओं को दिल्ली में लागू करें।
कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान हर सरकार का कर्तव्य है और इसके लिए गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।