महिलाओं ने भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के खिलाफ किया प्रदर्शन, पैसे बांटने पर उठाए सवाल

 

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (29 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के घर के बाहर लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को पैसे बांट रहे हैं, जबकि पूरी दिल्ली की महिलाओं को इसकी जरूरत है।

प्रदर्शन में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आई महिलाओं ने भाग लिया। करावल नगर से आई एक महिला ने कहा, “मैंने सुना कि प्रवेश वर्मा 1100 रुपए दे रहे हैं। इसलिए मैं भी यहां आई हूं। यह पैसे सिर्फ नई दिल्ली की महिलाओं को क्यों मिल रहे हैं? हमें भी इसका हक है।”

लक्ष्मी नगर से आईं एक सीनियर सिटीजन ने कहा, “मैं भी 1100 रुपए लेने आई हूं। प्रवेश वर्मा को यह पैसे पूरे दिल्ली की महिलाओं को देने चाहिए, न कि सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र में।”

प्रदर्शन में शामिल मरियम सिद्दीकी नाम की महिला ने कहा, “मैंने सोशल मीडिया पर वीडियो देखा कि प्रवेश वर्मा महिलाओं को पैसे बांट रहे हैं। मैं जरूरतमंद हूं और मेरे बच्चे की फीस भरनी है। इसलिए मैं यहां पैसे लेने आई हूं।”

प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि अगर यह पैसे किसी एनजीओ के जरिए बांटे जा रहे हैं, तो दिल्ली की सभी महिलाओं को इसका लाभ मिलना चाहिए। एक महिला ने कहा, “एनजीओ सबके लिए होते हैं। अगर पैसे बांट रहे हैं तो सभी को मिलना चाहिए।”

महिलाओं ने मांग की कि प्रवेश वर्मा या तो पूरे दिल्ली में पैसे बांटें या फिर किसी को भी न दें। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसा करना चुनावी लाभ लेने का प्रयास हो सकता है।

गौरतलब है कि शनिवार को भी महिला विंग ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया था। महिलाओं का कहना है कि यह कदम पूरी तरह से अनुचित है और इससे बाकी दिल्ली की महिलाओं के साथ भेदभाव हो रहा है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।