AAP नेता आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता से क्यों कर दी इस्तीफे की मांग, क्या है पूरा मामला?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (31/08/2025): दिल्ली में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीति गरमा गई है। दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी मार्लेना (Atishi Marlena) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को एक पत्र लिखते हुए राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोग अब घर, बाजार और धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे।

पत्र में आतिशी ने हाल ही में कालकाजी मंदिर में प्रसाद के विवाद पर एक सेवादार की बेरहमी से हत्या की घटना को सबसे बड़ा उदाहरण बताते हुए कहा कि यह दिल्ली की ध्वस्त होती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने अगस्त माह में हुई कई वारदातों का उल्लेख करते हुए लिखा कि 10 अगस्त को मैदानगढ़ी में ट्रिपल मर्डर हुआ, 8 अगस्त को अभिनेता हिना कुरैशी के कजिन आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई और डीसीपी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर युवक को चाकू मारकर लूटने की कोशिश की गई।

आतिशी ने पत्र में यह भी कहा कि अपराध का असर सिर्फ आम जनता तक सीमित नहीं रहा बल्कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी हाल ही में हमला हुआ। उन्होंने सवाल किया कि “अगर मुख्यमंत्री खुद सुरक्षित नहीं हैं तो दिल्ली के आम नागरिकों की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है?” आतिशी ने आरोप लगाया कि अपराधियों का हौसला इतना बढ़ गया है कि दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी तक गैंगस्टरों को “साहब” कहकर संबोधित कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी की चार-इंजन वाली सरकार (केंद्र, एलजी, दिल्ली पुलिस और राज्य सरकार) को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि दिल्ली आज हिंसा, लूट और गैंगवार की राजधानी बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अपराधी दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस सिर्फ खानापूर्ति में लगी है। आतिशी के अनुसार, जनता अब विकास और सुरक्षा की उम्मीद छोड़ चुकी है क्योंकि सरकार हर स्तर पर असफल हो चुकी है।

पत्र के अंत में आतिशी ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि “अगर आप दिल्लीवासियों को सुरक्षा नहीं दे सकतीं तो सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि दिल्ली की जनता अब केवल जवाब चाहती है, बहाने नहीं। यह पत्र सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत में हलचल तेज हो गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।