Nikki Murder Case: पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची राज्य महिला आयोग की सदस्य

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (27/08/2025): ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की हत्याकांड में मंगलवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। घटना के बाद से लगातार गहरे सदमे में चल रहे परिजनों की हालत आयोग की सदस्य के सामने ही बिगड़ गई। जहां निक्की की मां बार-बार रोते-रोते बेहोश हो रही थीं, वहीं बातचीत के दौरान बहन कंचन भी अचेत हो गईं। डॉक्टरों ने कंचन की स्थिति को गंभीर डिहाइड्रेशन और लो बीपी का परिणाम बताया है।

पीड़ित परिवार से की मुलाकात, परिजनों को न्याय का भरोसा

राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने मृतका निक्की के पिता भिखारी सिंह से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा, हमारी प्राथमिकता है कि इस मामले की निष्पक्ष और तेज़ जांच हो, ताकि जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जा सके और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाए।

निक्की के सपनों की बलि: आयोग सदस्य की भावुक प्रतिक्रिया

डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि निक्की एक महत्वाकांक्षी लड़की थी, जो अपने शौक और आत्मनिर्भरता के लिए सोशल मीडिया पर एक्टिव थी। वह बुटिक और स्टूडियो चलाना चाहती थी और रील बनाकर नाम कमाने की कोशिश कर रही थी। अगर इस कारण उसे हिंसा का सामना करना पड़ा, तो यह अत्यंत पीड़ादायक और अस्वीकार्य है, उन्होंने कहा।

डॉ. मीनाक्षी भराला ने समाज से अपील करते हुए कहा कि महिलाओं की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार को कोई नहीं छीन सकता। निक्की सिर्फ रील बनाती थी, वह कोई अपराध नहीं था। अगर किसी लड़की को अपने पैरों पर खड़ा होने की चाह है, तो उसमें परिवार और समाज को उसका साथ देना चाहिए।

बहन कंचन की आपबीती: समाज के डर से चुप रहीं

निक्की की बड़ी बहन कंचन ने बताया कि वे समाज के डर और लोकलाज के कारण कई बार हुए उत्पीड़न को छुपाती रहीं। हमें डर था कि कोई हमारी बात नहीं सुनेगा। इसी वजह से हमने पुलिस को पहले नहीं बताया, कंचन ने आयोग को बताया। कंचन ने घटना का विवरण देते हुए कहा, निक्की ऊपर कपड़े प्रेस करने गई थी। अचानक वह आग की लपटों में घिरी नीचे दौड़ती हुई आई। सीढ़ियों पर उसका पति विपिन खड़ा था। उसी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी।

जांच अंतिम चरण में, जल्द चार्जशीट दाखिल

डॉ. मीनाक्षी भराला ने बताया कि इस मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। पुलिस अगले तीन से चार दिनों में चार्जशीट दाखिल कर सकती है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर सबूत और वीडियो के आधार पर केस को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।

दहेज प्रथा पर चिंता, सामाजिक बदलाव की जरूरत

इस दौरान महिला आयोग की सदस्य ने दहेज प्रथा को भी इस घटना की जड़ बताया। उन्होंने कहा कि, आजकल एक-एक शादी में चार-पांच करोड़ खर्च हो रहे हैं। मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। जब तक समाज एकजुट होकर ‘ना दहेज लेंगे, ना देंगे’ का संकल्प नहीं लेता, तब तक इस कुप्रथा का अंत नहीं होगा। आयोग की सदस्य ने यह भी कहा कि 90% घरेलू हिंसा और वैवाहिक विवादों की जड़ मोबाइल बन रहा है। पति-पत्नी के बीच संवाद की कमी और अकेलापन इस तरह की घटनाओं को जन्म देता है।

सोशल मीडिया एक्टिविटी से नाराज़ था पति

पुलिस जांच में पता चला है कि निक्की और कंचन बुटिक व ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती थीं। निक्की का पति विपिन इन गतिविधियों से नाखुश था और अक्सर बहस करता था। 2024 में भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें विपिन एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में कार में पकड़ा गया था।

राष्ट्रीय महिला आयोग का भी साथ

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय किशोर रहाटकर और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निक्की की मौत सिर्फ एक महिला की हत्या नहीं, बल्कि समाज के उस कठोर चेहरे को उजागर करती है जो दहेज, पितृसत्ता और महिला स्वतंत्रता से असहज हो उठता है। आयोग की पहल, पुलिस की तेजी और न्याय प्रणाली की तत्परता इस बात की कसौटी होगी कि भविष्य में कोई और निक्की ऐसी त्रासदी का शिकार न हो।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।