अयोध्या राज परिवार के मुखिया व राम मंदिर ट्रस्ट सदस्य विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का निधन

टेन न्यूज नेटवर्क

Ayodhya News (24 August 2025): अयोध्या के राज परिवार के मुखिया और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के वरिष्ठ सदस्य विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का शनिवार देर रात निधन हो गया। 75 वर्षीय मिश्र ने अयोध्या स्थित अपने राजमहल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही देर रात से ही करीबी लोग, प्रशंसक और प्रशासनिक अधिकारी राजमहल पहुंचकर श्रद्धांजलि देने लगे।

कुछ महीने पहले उनके पैर में चोट लगी थी और ऑपरेशन भी हुआ था, जिसके बाद उनकी सक्रियता काफी कम हो गई थी। इसके बावजूद वे श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े कार्यों और शहर की गतिविधियों में लगातार रुचि लेते रहे। हाल ही में उनकी स्पाइन का भी ऑपरेशन हुआ था और कुछ दिन पहले ही वे लखनऊ से चेकअप करवाकर लौटे थे। परिवार के अनुसार, शनिवार रात अचानक उनका ब्लड प्रेशर गिर गया और डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के पहले वरिष्ठ सदस्य थे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद जब न्यास का गठन हुआ तो अयोध्या के कमिश्नर ने श्रीराम जन्मभूमि परिसर का पहला चार्ज उन्हें ही सौंपा था। राम मंदिर आंदोलन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे श्री प्रताप धर्म सेतु ट्रस्ट के अध्यक्ष भी रहे और धार्मिक व सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहे।

अयोध्या में लोग उन्हें प्यार से “राजा साहब” कहकर संबोधित करते थे। उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार के बड़े अधिकारी और नेता भी उनसे करीबी संबंध रखते थे। राजनीति में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर अयोध्या लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उनके बेटे यतींद्र मोहन प्रताप मिश्र प्रसिद्ध संगीत अध्येता और कवि हैं, जिन्हें उनकी किताब ‘लता सुर गाथा’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के माननीय सदस्य, राजसदन अयोध्या के मुखिया श्री विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।