अमेरिकी स्मार्टफोन सप्लाई में भारत ने चीन को पछाड़ा, ‘मेक इन इंडिया’ और PLI स्कीम से नई ऊंचाई

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (14 August 2025): भारत ने स्मार्टफोन सप्लाई के मामले में चीन को पीछे छोड़ते हुए अमेरिका का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बनने का रिकॉर्ड हासिल किया है। यह सफलता केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल, प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना, एप्पल के उत्पादन का बड़ा हिस्सा भारत में स्थानांतरित करने और अमेरिकी आयातकों द्वारा टैरिफ अनिश्चितताओं के बीच अग्रिम रूप से इन्वेंट्री खरीदने की रणनीति का परिणाम है।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका द्वारा भारत पर 50% और चीन पर 30% टैरिफ लगाए जाने के बाद, विक्रेताओं ने भारी मात्रा में अग्रिम इन्वेंट्री खरीदी और सप्लाई चेन प्लान बदल दिए। वहीं, 2017 से सरकार के निरंतर सहयोग और वैश्विक वैल्यू चेन (GVCs) में भारत के एकीकरण ने भी इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई।

साल 2025 में “मेड-इन-इंडिया” स्मार्टफोन के अमेरिका को निर्यात में 240% की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। एप्पल ने पिछले कुछ वर्षों में भारत में उत्पादन क्षमता को तेज़ी से बढ़ाया है और 2025 में अपनी अधिकांश निर्यात क्षमता अमेरिकी बाजार की सप्लाई के लिए समर्पित की है।

अब भारत के अमेरिका को स्मार्टफोन शिपमेंट्स कुल अमेरिकी आयात का 44% हिस्सा हैं, जो पिछले साल केवल 13% था। वहीं, चीन की हिस्सेदारी घटकर 25% रह गई है, जबकि 2024 की दूसरी तिमाही में यह 61% थी।

साल 2024 में भारत ने मोबाइल फोन के निर्यात में $20.5 बिलियन का आंकड़ा छूते हुए दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्यातक बनने का खिताब हासिल किया। चीन और वियतनाम के साथ भारत अब वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में बड़ा खिलाड़ी बन गया है, क्योंकि कंपनियां सप्लाई चेन में विविधता लाने के लिए उत्पादन स्थानांतरित कर रही हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50%, चीन पर 30% और वियतनाम पर 20% टैरिफ लगाए जाने के बाद चीन में असेंबल किए गए अमेरिकी स्मार्टफोन शिपमेंट्स में भारी गिरावट आई, जिसका बड़ा हिस्सा भारत ने अपने नाम किया। यह एप्पल की ‘चाइना प्लस वन’ रणनीति का प्रत्यक्ष नतीजा माना जा रहा है।

वर्तमान में भारत में 300 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं, जो 2014 में मात्र दो थीं। वित्त वर्ष 2014 में भारत में बिकने वाले मोबाइल फोनों में केवल 26% का निर्माण देश में होता था, जो अब बढ़कर 99.2% हो गया है।

हालांकि एप्पल ने भारत में आईफोन 16 सीरीज के प्रो मॉडल का निर्माण और असेंबलिंग शुरू कर दी है, लेकिन प्रो मॉडल्स के बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए वह अभी भी चीन पर निर्भर है। वहीं, सैमसंग और मोटोरोला ने भी अमेरिका के लिए भारत से सप्लाई बढ़ाई है, हालांकि उनकी गति और पैमाना एप्पल की तुलना में काफी धीमा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।