मौका- मौका, हर बार धोखा: BJP और AAP की जुगलबंदी पर कांग्रेस ने जारी किया श्वेत पत्र
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (25 दिसंबर, 2024): कांग्रेस ने दिल्ली चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए एक स्वेत पत्र जारी किया। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव और वरिष्ठ नेता अजय माकन ने इसे जारी करते हुए आरोप लगाया कि पिछले दस सालों में दिल्ली में केवल जनता को धोखा मिला है। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित सरकार के कार्यकाल में दिल्ली में विकास के नए आयाम स्थापित हुए थे, लेकिन केजरीवाल सरकार आने के बाद दिल्ली केवल समस्याओं का शहर बनकर रह गई है।
कांग्रेस ने झुग्गीवासियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर मौजूदा सरकारों की नीतियों पर सवाल खड़े किए। स्वेत पत्र में बताया गया कि झुग्गियों पर बुलडोजर चलाकर 2.8 लाख लोगों को बेघर कर दिया गया, जिनमें से 90 प्रतिशत को कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई। यह लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं और डॉक्टरों की भारी कमी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। स्कूलों में अध्यापकों की कमी के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। दिल्ली की सड़कों पर गड्ढों और गंदे पानी की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया।
अजय माकन ने कहा कि केजरीवाल सरकार को “फर्जीवाद” के अलावा किसी और शब्द से परिभाषित नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा लेकर आई थी, वही अब खुद भ्रष्टाचार के मामलों में घिरी हुई है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को केवल जुमलों का शहर बना दिया है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच कोई तालमेल नहीं है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं, जबकि जनता की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली में अपराध, महिलाओं की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के अभाव की जिम्मेदारी दोनों सरकारों की है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो वे झुग्गीवासियों के पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का वादा करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को फिर से विकास के रास्ते पर लाने का काम कांग्रेस ही कर सकती है। मंच से कविता सुनाते हुए उन्होंने जनता से अपील की कि वे जुमलेबाजों की राजनीति से ऊपर उठकर सच्चाई के साथ चलें।
स्वेत पत्र के जरिए कांग्रेस ने चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी इस पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।