दिल्ली में भाजपा नेता बांसुरी स्वराज का AAP सरकार पर हमला: “झूठ और छलावे से त्रस्त दिल्ली को बदलाव चाहिए”
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (24 दिसंबर, 2024): भाजपा नेता और सांसद बांसुरी स्वराज ने एक प्रेस वार्ता में दिल्ली सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने “झूठ पुराण” का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी केवल झूठे वादों और छलावे की राजनीति कर रही है।
दिल्ली के मतदाताओं के साथ छलावा
बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों को बार-बार झूठे वादों के जाल में फंसाया गया। उन्होंने “संजीवनी योजना” का उदाहरण देते हुए बताया कि इतनी ठंड में पंजीकरण की घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य सचिव, दिल्ली सरकार ने साफ कहा कि ऐसी कोई योजना अभी अस्तित्व में नहीं है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को चेतावनी दी कि वे अपने व्यक्तिगत डाटा किसी वॉलंटियर को न दें।
योजनाओं को रोका और केंद्र को दोष दिया
स्वराज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट ने भी इस पर सवाल उठाए हैं। द्वेष की राजनीति के चलते दिल्ली के नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह गए।
दिल्ली की बदहाल स्थिति पर सवाल
बांसुरी स्वराज ने दिल्ली में पानी, सड़कों और प्रदूषण की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने लंदन और पेरिस जैसी सड़कों का वादा किया था, लेकिन आज सड़कों पर गड्ढे और जलभराव की समस्याएं हैं। यमुना को नाले में तब्दील कर दिया गया है और दिल्ली दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी बन गई है।
भ्रष्टाचार और प्रचार में फंसी सरकार
उन्होंने अनुराग ठाकुर द्वारा प्रस्तुत आरोप पत्र का हवाला देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी केवल प्रचार और भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने दिल्ली में भाजपा की सरकार लाने की अपील करते हुए कहा, “10 साल से दिल्ली बेहाल है, अब केजरीवाल नहीं चाहिए।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।